
राजसमंद। 3 अप्रैल । केलवा गांव की रहने वाली विवाहिता की गुजरात के सूरत शहर में संदिग्ध हालत में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राजसमंद कलेक्टर पहुंचकर जोरदार हंगामा कर दिया। मृतका के भाई विकास कुमार ने बताया की उनकी बहन घटना से दो दिन पूर्व ही राजसमंद से सूरत गई थी। उसके ससुराल पक्ष ने फोन पर बताया कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली और शव को पोस्ट मैडम के बाद उसके ससुराल भीलवाड़ा के देवरिया भेजा जा रहा है। घटना को लेकर संदेह होने पर पीहर पक्ष ने शव को यहीं रोक लिया और अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम ले जाने पर पड़ताल के दौरान साफ हुआ कि शव के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। जबकि उसके गले पर फांसी जैसा कोई निशान नहीं मिला है। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने राजसमंद कलेक्ट्री पहुंचकर हंगामा कर दिया और ससुराल पक्ष पर हत्या की आशंका जताते हुए फिर से मामला दर्ज कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है। आज गुड फ्राइडे की सरकारी छुट्टी के चलते प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं थे। ऐसे में हजारों लोग कलेक्ट्री पर धरना देकर बैठ गए हैं और अधिकारियों को मौके पर बुलवाकर शव का फिर से पोस्टमार्टम करवाने की मांग कर रहे हैं।








