शिव कुमार शर्मा:
बारां, 25 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सेना की वीरता और शौर्य को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु जिले में दो दिवसीय सेना शस्त्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन शनिवार को भी धर्मादा धर्मशाला परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम नागरिकों के लिए प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क है।
इस प्रदर्शनी का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी एवं भारतीय सेना की फर्स्ट मराठा लाइट इन्फेंट्री के कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल जगन्नाथ द्वारा किया गया। प्रदर्शनी में भारतीय सेना की सैन्य क्षमताओं, आधुनिक युद्धक तकनीकों, शस्त्रों एवं डिफेंस उपकरणों का प्रदर्शन किया जा रहा है। सेना के विशेषज्ञों द्वारा युवाओं को हथियारों की कार्यप्रणाली, उनके उपयोग और युद्धभूमि पर उनकी अहमियत के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
इस प्रदर्शनी में आधुनिक हथियार, फायरआर्म्स, संचार प्रणाली, डिफेन्स गियर तथा युद्ध रणनीति से जुड़े उन्नत उपकरण विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। यह आयोजन युवा वर्ग में देशभक्ति की भावना जागृत करने एवं भारतीय सेना के प्रति गर्व का भाव विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का समय प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इसके साथ ही कारगिल विजय दिवस के मुख्य समारोह के तहत 27 जुलाई (रविवार) को बारां रनर्स क्लब द्वारा एक प्रेरणादायक ‘कारगिल शौर्य मैराथन’ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ 3 किमी, 5 किमी एवं 10 किमी की श्रेणियों में आयोजित होगी, जो प्रातः 6 बजे श्रीराम स्टेडियम से प्रारंभ होगी। जिला प्रशासन एवं आयोजकों ने सभी नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और परिवारों से आग्रह किया है कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें एवं भारतीय सेना के पराक्रम व बलिदान को नमन करें।







