राजसमन्द। 31 मार्च। नाथद्वारा। शहर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था सनराइज एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नाथद्वारा ने एक बार फिर बोर्ड परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नाथद्वारा क्षेत्र के साथ राजसमंद में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। कक्षा 12वीं के विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों ने शानदार अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
विज्ञान वर्ग में स्तुति माली ने 97.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं हर्षिका मेहरा ने 97.20 एवं गीतिका कुमावत ने 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धि में चार चाँद लगाए। विद्यार्थियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को एक बार फिर सिद्ध किया है। परीक्षा प्रभारी हरीश माली ने बताया कि वाणिज्य वर्ग में दिव्या सैनी ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। सीमा माली ने 94.40 प्रतिशत तथा प्रिया दय्या ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता अर्जित की। इस परीक्षा के अंर्तगत 70 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 75% से अधिक अंक प्राप्त किए। इन विद्यार्थियों ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शिप्रा भाटिया ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने विद्यालय के समस्त अध्यापकों एवं अभिभावकों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया, जिनके निरंतर सहयोग से यह उत्कृष्ट परिणाम संभव हो पाया। साथ ही सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रशासन द्वारा इस शानदार उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों का विद्यालय स्तर पर सम्मान भी किया गया, जिसमें प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया साथ ही अभिभावकों का भी सम्मान किया गया। अभिभावकों ने अपने उद्बोधन में कहा कि सनराइज विद्यालय के निदेशक, प्रधानाचार्या व अध्यापक गण के टीम वर्क व मार्गदर्शन के कारण ही आज बच्चों का बेहतर परीक्षा परिणाम आया है। इस बेहतरीन परीक्षा परिणाम के लिए विद्यालय के निदेशक राजदीप भाटिया ने भी सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अध्यापकों को बधाई दी।
इस शानदार परिणाम के साथ सनराइज एकेडमी ने नाथद्वारा नगर ही नहीं, बल्कि पूरे राजसमंद जिले में अपनी विशेष पहचान बनाई है और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय परिवार में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह एवं खुशी का माहौल है।








