अगले माह होगा ‘मेवाड़ के सुपरस्टार सीजन-4′ का भव्य आयोजन
राजसमंद। स्थानीय किशोरनगर मंडा स्थित आवरी माता मंदिर प्रांगण में रविवार को जाह्नवी कला परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें परिषद की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से पुनर्गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संतोष अग्रवाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला युवा संघ के अध्यक्ष अभय सिंह राव मौजूद रहे।
बैठक की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रेम शंकर भट्ट ने बताया कि परिषद के आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इसमें सर्वसम्मति से प्रसिद्ध लेखक, निर्देशक एवं संगीतकार मनोज पोरवाड़ को अध्यक्ष तथा प्रेम शंकर भट्ट को महासचिव मनोनीत किया गया।
26 वर्षों से कला और संस्कृति को समर्पित है परिषद
उल्लेखनीय है कि जाह्नवी कला परिषद विगत 26 वर्षों से राजसमंद के युवा कलाकारों को एक सशक्त सार्वजनिक मंच प्रदान कर रही है। परिषद के माध्यम से जिले की कई प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किए हैं और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
पूरे वर्ष की रूपरेखा तय, ‘मेवाड़ के सुपरस्टार’ की तैयारी शुरू
बैठक के दौरान परिषद के वार्षिक कैलेंडर और आगामी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि पूरे वर्ष विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में अगले माह बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम ‘मेवाड़ के सुपरस्टार सीजन-4’ का भव्य आयोजन किया जाना प्रस्तावित है।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर डॉ. जगदीश जीनगर, महेंद्र कुमावत, धर्मेश बोलीवाल, रचना सनाढ्य, फतेह सिंह राव, दिनेश सालवी, राहुल पहाड़िया, बंटी कंडारा, तन्मय पोरवाड़, शिव प्रकाश खेड़, गोविंद सिंह राव, मनीषा कुमावत, काव्या मेघवाल, नरेंद्र सिंह चौहान (पपसा), जगदीश तेली, ईश्वर सिंह और प्रदीप विश्नोई सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कलाकार व परिषद के सदस्य उपस्थित थे।








