राजसमंद के लिए ऐतिहासिक क्षण: पसुन्द के सरपंच अयन जोशी केबीसी के मंच पर महानायक अमिताभ बच्चन के साथ करेंगे संवाद

राजसमंद के लिए ऐतिहासिक क्षण: पसुन्द के सरपंच अयन जोशी केबीसी के मंच पर महानायक अमिताभ बच्चन के साथ करेंगे संवाद

राजसमंद / पसुन्द — राजसमंद जिले की ग्राम पंचायत पसुन्द ने राष्ट्रीय स्तर पर एक नया इतिहास रच दिया है। ग्राम पंचायत में हुए उत्कृष्ट और अनूठे विकास कार्यों के दम पर अल्ट्राटेक यशस्वी सरपंच अयन जोशी का चयन देश के सबसे लोकप्रिय टेलीविजन शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) सीजन-18 के लिए हुआ है।

ग्रामीण विकास की विशेष थीम पर आधारित इस प्रतिष्ठित मंच पर वे राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ संवाद करेंगे। यह विशेष एपिसोड 14 अक्टूबर 2026 को सोनी टीवी पर प्रसारित होगा।

अल्ट्राटेक द्वारा भेजी गई थी प्रोफाइल, कड़े ऑडिशन के बाद हुआ चयन

अयन जोशी को इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा ‘यशस्वी सरपंच’ के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। इसके बाद अल्ट्राटेक कंपनी द्वारा देश के विभिन्न राज्यों के चुनिंदा चार सरपंचों की विकास प्रोफाइल केबीसी के लिए भेजी गई थी। कड़े ऑडिशन चरणों को पार करने के बाद राजस्थान से एकमात्र अयन जोशी का चयन हुआ। चयन के पश्चात, KBC की विशेष टीम ने पसुन्द गांव पहुंचकर वहां कराए गए विकास कार्यों और बदलावों की शूटिंग की थी।

सांसद महिमा कुमारी और डिप्टी सीएम दीया कुमारी का जताया आभार

इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सरपंच अयन जोशी ने कहा कि विकास कार्यों की इस राह में कई चुनौतियां आईं, लेकिन जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों के सहयोग से हर मुश्किल आसान हुई। उन्होंने विशेष तौर पर राजसमंद सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ और राजस्थान की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी के मार्गदर्शन व प्रोत्साहन के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने जिला प्रशासन और समस्त ग्रामवासियों की एकजुटता को इस सफलता का असली आधार बताया।

पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल

सरपंच अयन जोशी के केबीसी मंच पर पहुंचने की खबर से पूरे पसुन्द गांव और राजसमंद जिले में हर्षोल्लास का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पल सिर्फ एक पंचायत नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। यह इस बात का प्रमाण है कि यदि गांवों में सच्ची निष्ठा और जनसहभागिता से काम हो, तो वह राष्ट्रीय फलक पर अपनी एक अनूठी छाप छोड़ सकते हैं।

PRADEEP SOLANKI
Author: PRADEEP SOLANKI

Leave a Comment