छत्तीसगढ़ में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद आज सुबह 9 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई। मतगणना की प्रक्रिया डाक मतपत्रों की गिनती से प्रारंभ हुई, जिसके बाद सुबह 9:30 बजे से ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) के मतों की गिनती शुरू की गई। इस चुनाव में 10 नगर निगमों में महापौर और पार्षदों सहित 49 नगरपालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों के अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए प्रत्याशियों का भाग्य तय होना है। मतगणना स्थलों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
कौन जीता, कौन हारा: जानिए ताजा अपडेट
- नारायणपुर: अध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा जमाया। 15 में से 13 वार्डों में भाजपा की जीत और 2 वार्डों में कांग्रेस को सफलता मिली।
- बीजापुर: भाजपा की गीता सोम पुजारी ने कांग्रेस की सुनीता हेमला को 1376 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
- रिसाली (दुर्ग): उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राहुल राय ने भाजपा के हरवंश केसरिया को 221 वोटों से हराया।
- धमतरी (नगरी नगर पंचायत): भाजपा के बलजीत छाबड़ा ने 200 मतों से जीत हासिल की। पार्षद चुनाव में 11 सीटें भाजपा, 3 कांग्रेस और 1 निर्दलीय के खाते में गई।
- जगदलपुर: भाजपा के महापौर प्रत्याशी संजय पांडे ने जीत दर्ज की। भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल है।
- कुनकुरी (सीएम विष्णुदेव साय का क्षेत्र): कांग्रेस प्रत्याशी विनयशील गुप्ता ने 81 वोटों से भाजपा के सुदबल राम यादव को हराया।
- दंतेवाड़ा: जिले की सभी 5 निकायों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। बचेली, किरंदुल, बारसूर, गीदम और दंतेवाड़ा में भाजपा प्रत्याशियों ने सफलता प्राप्त की।
- रायपुर नगर निगम: 15 साल बाद भाजपा को महापौर पद पर जीत मिली। भाजपा की मीनल चौबे ने भारी मतों से जीत दर्ज की।
कड़ी टक्कर में भाजपा और कांग्रेस
नगर निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। भाजपा राज्य में ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ की बात कर रही है, जबकि कांग्रेस सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए बैठी है।
32 प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित
इस चुनाव में 32 प्रत्याशियों ने मतदान से पहले ही जीत दर्ज कर ली थी। इनमें 15 जिलों की विभिन्न नगर निगम, नगर पालिकाएं और नगर पंचायतों के पार्षद शामिल हैं। दुर्ग और सुकमा में दो प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत हुई है, जबकि बसना नगर पंचायत में खुशबू अग्रवाल अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुनी गईं।
चुनावी नतीजों को लेकर जनता में उत्सुकता और उम्मीदवारों में तनाव का माहौल बना हुआ है। दिन समाप्त होने तक यह साफ हो जाएगा कि जनता ने नगर निकायों की बागडोर किस पार्टी के हाथों में सौंपी है।
