बिहार में विधानसभा चुनाव आने वाले हैं ऐसे में बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार अपने मतदाताओं को लुभाने के लिए एक नया पत्ता खोला है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत राज्य सरकार ने पेंशन राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह करने का ऐलान किया है। इस घोषणा के बाद राज्य के 1 करोड़ 11 लाख पेंशन लाभुकों के लिए राहत और खुशखबरी की दोहरी सौगात आई है। नई बढ़ी हुई राशि की पहली किस्त 11 जुलाई को सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
अब सीधे डीबीटी से पहुंचेगी 1227 करोड़ की राशि
बिहार सरकार की ओर से यह पहला मौका होगा, जब पेंशनधारकों को बढ़ी हुई राशि मिलेगी। इसके तहत छह प्रमुख पेंशन योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित लोगों को कुल 1227 करोड़ रुपये डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के ज़रिए भेजे जाएंगे। यह राशि राज्य के 1.11 करोड़ से अधिक लोगों के खातों में सीधे पहुंचाई जाएगी।
11 जुलाई को पूरे बिहार में ‘पेंशन उत्सव’
राज्य सरकार ने इस कार्यक्रम को “पेंशन उत्सव” के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसे लेकर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा की अध्यक्षता में मंगलवार को एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 11 जुलाई को इस राशि का ट्रांसफर करेंगे। यह कार्यक्रम 38 जिलों, 534 प्रखंड, 8053 ग्राम पंचायतों और 43,790 राजस्व गांवों में आयोजित किया जाएगा जहां 60 लाख से अधिक लाभार्थियों के इस कार्यक्रम में भाग लेने की संभावना जताई गई है। सभी आयोजन स्थलों पर भोजन, पानी, लाइव टेलीकास्ट, और एक लघु फिल्म के माध्यम से जानकारी दी जाएगी।
पेंशन योजना | लाभुकों की संख्या | प्रतिशत |
---|---|---|
मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना | 49,89,507 | 45% |
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना | 35,57,163 | 32% |
लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना | 8,64,903 | 8% |
बिहार विकलांगता पेंशन योजना | 9,65,202 | 8% |
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना | 6,32,594 | 6% |
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विकलांगता पेंशन योजना | 1,10,580 | 1% |
सरकार की मंशा और संदेश
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आयोजन स्थलों पर मुख्यमंत्री का सीधा संबोधन दिखाने की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही लाभुकों के लिए बेहतर स्वागत, भोजन, और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
हाालांकि, बिहार सरकार की यह पहल सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। बढ़ी हुई पेंशन न केवल बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को आर्थिक संबल देगी, बल्कि सरकार की जन-कल्याणकारी सोच को भी स्पष्ट रूप से दर्शाती है। लेकिन यह कहने से भी संकोच नहीं किया जा सकता कि नितिश कुमार के इस कदम से उन्हें चुनावी लाभ मिलने वाला है।

Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।