वसुंधरा राजे और मोहन भागवत की मुलाकात से बढ़ी सियासी सरगर्मियां

जोधपुर। राजस्थान की सियासत में बुधवार को हलचल तब और तेज हो गई जब प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत से मुलाकात की। यह मुलाकात जोधपुर के लाल सागर स्थित आदर्श डिफेंस एंड स्पोर्ट्स एकेडमी में हुई, जहां भागवत 10 सितंबर तक प्रवास पर हैं। दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत चली, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई अटकलों को जन्म दे दिया है।

हालांकि, मुलाकात का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं हुआ, लेकिन माना जा रहा है कि चर्चा का केंद्र राजस्थान भाजपा संगठन में संभावित बदलाव और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी नेतृत्व से जुड़े मुद्दे रहे। खास बात यह है कि राजे हाल ही में दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर चुकी हैं। ऐसे में उनकी सक्रियता को लेकर राजनीतिक हलकों में कयासबाजी तेज हो गई है।

जोधपुर में संघ की अहम बैठक

डॉ. मोहन भागवत 1 सितंबर से जोधपुर में प्रवास पर हैं। यहां 5 से 7 सितंबर तक होने वाली अखिल भारतीय समन्वय बैठक में वे हिस्सा लेंगे। इस बैठक में संघ परिवार के 32 संगठनों के शीर्ष नेता और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे। बैठक की तैयारियों को लेकर संघ स्वयंसेवक लगातार जुटे हुए हैं। मंगलवार को संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी जोधपुर पहुंचे थे।

वसुंधरा की बढ़ी सक्रियता

वसुंधरा राजे सोमवार को जोधपुर आई थीं और मंगलवार को जैसलमेर के मोहनगढ़ में कर्नल सोनाराम को श्रद्धांजलि देने भी गई थीं। उनकी मोहन भागवत से मुलाकात को उनके राजनीतिक भविष्य से जोड़कर देखा जा रहा है। हाल ही में धौलपुर के एक धार्मिक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि “वनवास सभी के जीवन में कभी न कभी आता है, लेकिन वनवास हमेशा स्थायी नहीं होता, वह आता है और चला जाता है।” उनके इस बयान को भी सियासी संकेतों से जोड़ा गया।

सियासत में अटकलों का दौर

राजस्थान भाजपा में संगठनात्मक फेरबदल की चर्चा लंबे समय से चल रही है। ऐसे में राजे और भागवत की मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में यह सवाल उठ रहा है कि क्या प्रदेश की राजनीति में बड़े बदलाव की आहट है? हालांकि, आधिकारिक रूप से न तो भाजपा और न ही संघ की ओर से मुलाकात को लेकर कोई बयान सामने आया है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment