जयपुर। राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जयपुर सेंट्रल जेल से शनिवार तड़के दो कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए। इस घटना ने एक बार फिर जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 3 बजे की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों कैदियों ने जेल के बाथरूम में लगे रबर पाइप की मदद से मुख्य दीवार फांदी और भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। एडीजी (जेल) रूपेंद्र सिंह ने बताया कि फरार कैदियों में एक करौली जिले का और दूसरा उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि “मामले की जांच जारी है, सही तथ्य सामने आने के बाद ही पूरी जानकारी दी जा सकेगी।”
फरार कैदियों की पहचान
-
अनस कुमार पुत्र नफिश खान, मूल रूप से फिरोज़ाबाद (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। वह चोरी के मामले में 15 सितंबर से जेल में बंद था।
-
नवल किशोर महावर पुत्र सोहन लाल, करौली जिले का निवासी है। उसे सांगानेर पुलिस ने चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था और वह 17 सितंबर से जेल में बंद था।
पुलिस दोनों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
सुरक्षा पर लगातार उठते रहे सवाल
यह कोई पहली बार नहीं है जब जयपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए हों। कुछ महीने पहले जेल के अंदर से हत्या के आरोपी कैदियों ने इंस्टाग्राम पर धमकी भरी रील अपलोड की थी। इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल को भी इसी जेल से मोबाइल के जरिए धमकी दी गई थी। इन घटनाओं के बाद अब कैदियों का भाग जाना जेल प्रशासन की बड़ी लापरवाही मानी जा रही है। सवाल उठ रहा है कि हाई-सिक्योरिटी कही जाने वाली इस जेल से आखिर बार-बार ऐसे मामले क्यों सामने आ रहे हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







