पॉपुलर सिंगर जुबिन गर्ग के अचानक निधन से संगीत प्रेमियों और पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। 52 साल के जुबिन गर्ग सिंगापुर में होने वाले नॉर्थईस्ट फेस्टिवल में परफॉर्मेंस देने वाले थे। वहां स्कूबा डाइविंग करते समय उन्होंने लाइफ जैकेट नहीं पहना था। सिंगापुर पुलिस ने उन्हें समुद्र से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद नॉर्थईस्ट फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। असम के मोरीगांव निवासी रतुल बोरा ने तीन व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। फेस्टिवल आयोजकों ने बयान में कहा कि जुबिन को स्कूबा डाइविंग के दौरान सांस लेने में कठिनाई हुई थी।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को कहा कि जुबिन गर्ग के पार्थिव शरीर को सिंगापुर से शनिवार शाम तक नई दिल्ली लाने का प्रयास जारी है, और उसी रात गुवाहाटी लाया जाएगा। गुवाहाटी में उन्हें सरुसजाई में एक दिन के लिए रखा जाएगा ताकि लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें। मुख्यमंत्री सरमा और उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा दिवंगत सिंगर के घर गुवाहाटी में शोक व्यक्त करने पहुंचे और परिवार के साथ एकजुटता दिखाई।
जुबिन गर्ग के चाचा मनोज कुमार बोरठाकुर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि यह उनके लिए बेहद दुखद घड़ी है और इस पर यकीन करना कठिन है। उन्होंने कहा कि परिवार अब एक-दूसरे का सहारा बनेगा और गुवाहाटी रवाना हो रहे हैं ताकि जुबिन के पिता के पास रह सकें। जुबिन के निधन ने उनके परिवार और प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







