दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया। इस मैच में युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने न सिर्फ ताबड़तोड़ पारी खेली बल्कि एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने मात्र 39 गेंदों में 74 रन बनाकर पाकिस्तान के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। इस दौरान अभिषेक ने टी20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 50 छक्के पूरे करने का रिकॉर्ड बनाया।
मिस्बाह उल हक ने की जमकर तारीफ
अभिषेक की पारी से पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिस्बाह उल हक भी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि, “अभिषेक शर्मा ऐसे बल्लेबाजी कर रहे थे जैसे नेट्स पर अभ्यास कर रहे हों। उनकी बल्लेबाजी में कहीं भी दबाव नहीं दिखा। पाकिस्तान के गेंदबाज उनके सामने सही रणनीति नहीं बना पाए।” मिस्बाह ने आगे कहा कि अभिषेक के शॉट चयन और टेंपरामेंट ने पाकिस्तान के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया। “जहां भी गेंद उनके एरिया में गिरी, वहां उन्होंने चौका या छक्का लगाया। शाहीन शाह अफरीदी और बाकी गेंदबाज उनकी बल्लेबाजी को समझ ही नहीं पाए। यही वजह रही कि पाकिस्तान मैच से बाहर हो गया।”
प्लेयर ऑफ द मैच बने अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा को उनकी विस्फोटक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत की इस जीत में उनकी पारी निर्णायक साबित हुई।
पाकिस्तान का गलत गेम प्लान
मिस्बाह ने पाकिस्तान की गेंदबाजी रणनीति की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि फहीम और अबरार जैसे गेंदबाजों ने अभिषेक के जोन में गेंदबाजी की, जिसका फायदा भारतीय बल्लेबाज ने बखूबी उठाया। “अगर आप टॉप क्लास बल्लेबाज के सामने ऐसी गलतियां करेंगे, तो वह आपको बख्शेगा नहीं। अभिषेक ने यही साबित कर दिया।” भारत की इस जीत के साथ सुपर-4 में टीम का मनोबल और मजबूत हो गया है। अब सभी की निगाहें अभिषेक शर्मा के शानदार फॉर्म पर हैं, जो आने वाले मैचों में भी भारत के लिए बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







