अबुधाबी। एशिया कप 2025 के सुपर-फोर मुकाबले में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रविवार रात खेले गए लो-स्कोरिंग थ्रिलर ने फैंस को खूब रोमांचित किया। पाकिस्तान ने यह मैच पांच विकेट से जीतकर फाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा, लेकिन मुकाबले के दौरान मैदान पर खेल भावना से परे घटनाएं भी सुर्खियों में रहीं।
दरअसल, पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद ने श्रीलंकाई ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा को गुगली पर बोल्ड करने के बाद उनके जश्न की नकल कर मजाक उड़ाया। यह हरकत कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
मगर कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। हसरंगा ने गुस्से को ताकत में बदलते हुए गेंदबाजी में वापसी की। उन्होंने फखर जमां का शानदार कैच पकड़ा और फिर सईम अयूब तथा सलमान अली आगा के विकेट लेकर अबरार की नकल उतारते हुए जश्न मनाया। उनकी प्रतिक्रिया को देखकर लगा जैसे अबरार ने सोए हुए शेर को जगा दिया हो।
हालांकि, अंत में पाकिस्तान ने मोहम्मद नवाज (नाबाद 38) और हुसैन तलत (नाबाद 32) की शानदार साझेदारी की बदौलत 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। पाकिस्तान ने पांच विकेट खोकर 138 रन बनाए और फाइनल की दौड़ में अपनी जगह बनाए रखी।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया कि क्या पाकिस्तान खिलाड़ी खेल को खेल भावना से खेलने के बजाय विवादित हरकतों के जरिए सुर्खियां बटोरने में ज्यादा रुचि रखते हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







