अमेरिका से हथकड़ियों-बेड़ियों में डिपोर्ट हुई 73 वर्षीय सिख महिला, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग ने जताई नाराजगी

चंडीगढ़। अमेरिका से 73 वर्षीय सिख महिला को हथकड़ियों और बेड़ियों में बांधकर भारत डिपोर्ट किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और इसे हिंदुस्तान के नागरिकों का अपमान बताया है। राजा वडिंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा, “किसी महिला को इस तरह से डिपोर्ट करना भारत के नागरिकों का अपमान है। उन्हें इस तरह भेजा जा रहा है, जैसे कोई क्रिमिनल हो।”

हरजीत कौर को 30 साल बाद अमेरिका से भेजा गया वापस

मोहाली की रहने वाली हरजीत कौर, जो करीब 30 वर्षों से कैलिफोर्निया में अपने परिवार के साथ रह रही थीं, को अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट ने हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि दस्तावेजों की कमी के चलते उन्हें हथकड़ियों और बेड़ियों में जकड़कर भारत भेजा गया। इस दौरान उन्हें परिवार से मिलने तक का अवसर नहीं दिया गया।

पंजाब सरकार पर भी साधा निशाना

आईएएनएस से बातचीत में वडिंग ने पंजाब सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को दिखाने के लिए विशेष सत्र बुला रही है, जबकि हकीकत यह है कि वह अपनी नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि एसडीआरएफ फंड का इस्तेमाल कहां हुआ। “कैग रिपोर्ट के मुताबिक सरकार के पास 9 हजार करोड़ रुपये थे, लेकिन वह पैसा कहां गया? बाढ़ राहत में सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है।”

बढ़ सकती है सियासी गर्मी

अमेरिका से बुजुर्ग महिला के इस तरह डिपोर्ट किए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस जहां केंद्र सरकार से जवाब मांग रही है, वहीं पंजाब में मान सरकार को भी विपक्ष घेरने में जुट गया है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment