ओडिशा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा पहुंचे, जहां राज्यपाल डॉ. हरिबाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका स्वागत किया। राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद यह पीएम मोदी का सातवां ओडिशा दौरा है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने दूरसंचार, रेलवे, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कौशल विकास और ग्रामीण आवास सहित विभिन्न क्षेत्रों में ₹60,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
97,500 स्वदेशी 4G टावरों का लोकार्पण
राष्ट्रीय संचार अवसंरचना को नई दिशा देते हुए पीएम मोदी ने 97,500 मोबाइल 4G टावरों का लोकार्पण किया, जिन्हें स्वदेशी तकनीक से लगभग ₹37,000 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। इसके अलावा, उन्होंने ब्रह्मपुर और उधना (सूरत) के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई।
“डबल इंजन की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है ओडिशा”
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा,“ओडिशा डबल इंजन की रफ्तार से आगे बढ़ चला है। आज हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम शुरू हुआ है। BSNL की स्वदेशी 4G सेवाओं का शुभारंभ देश की आत्मनिर्भरता की ओर एक बड़ा कदम है।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को बुनियादी सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत को “चिप से लेकर जहाज़ों तक” हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना ही भाजपा का संकल्प है।
कांग्रेस पर हमला
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में “लूटतंत्र” चरम पर था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने देश को कांग्रेस की नीतियों से बाहर निकाला और आम लोगों को टैक्स से राहत दी। सभा के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने रोड शो में भी हिस्सा लिया, जहां भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







