लॉरेंस गैंग के सदस्य हरि बॉक्सर ने सीकर में सहकारी समिति के अध्यक्ष को धमकी देकर रंगदारी मांगी

सीकर/खाटूश्यामजी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम एक बार फिर राजस्थान में सुर्खियों में है। गैंग के सदस्य हरि बॉक्सर ने सीकर जिले के खाटूश्यामजी में ग्राम सहकारी समिति के अध्यक्ष श्याम सुंदर पूनिया से रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने थाने में मामला दर्ज करवाया है।

विदेशी नंबर से आया धमकी भरा कॉल

श्याम सुंदर पूनिया ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उन्हें विदेशी नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हरि बॉक्सर बताया और पैसों की डिमांड की। जब पूनिया ने फोन काट दिया, तो आरोपी ने उन्हें व्हाट्सएप वॉइस नोट भेजकर फिर धमकाया। इसके बाद 27 सितंबर को सुबह 11:42 पर एक और व्हाट्सएप कॉल आया, जिसे पूनिया ने रिसीव नहीं किया।

रकम स्पष्ट नहीं, लेकिन धमकी साफ

हरि बॉक्सर बार-बार कॉल कर पैसों की मांग करता रहा और कहा कि रकम नहीं दी तो गोली मारकर हत्या कर देगा। हालांकि मांगी गई रकम का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले की गंभीरता को देखते हुए खाटूश्यामजी थाना SHO इंस्पेक्टर पवन चौबे ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

बीकानेर से हाल ही में 2 गुर्गे गिरफ्तार

गौरतलब है कि हाल ही में बीकानेर पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से पिस्टल और 12 कारतूस बरामद हुए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी बीकानेर में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। गिरफ्तार दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment