Sonam Wangchuk Arrest: पत्नी गीतांजलि अंगमो ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती, NSA के तहत गिरफ्तारी को बताया गैरकानूनी

नई दिल्ली। प्रसिद्ध क्लाइमेट एक्टिविस्ट और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी को लेकर नया मोड़ सामने आया है। उनकी पत्नी गीतांजलि अंगमो ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए लद्दाख प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत की गई कार्रवाई को चुनौती दी है। वांगचुक को 26 सितंबर को लेह में भाषणों के जरिए हिंसा भड़काने के आरोप में NSA के तहत हिरासत में लिया गया था और उन्हें वर्तमान में राजस्थान की जोधपुर जेल में रखा गया है।

याचिका में गिरफ्तारी को बताया अन्यायपूर्ण

गीतांजलि अंगमो ने अपने वकील सर्वम रितम खरे के जरिए दाखिल याचिका में कहा कि सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी गैरकानूनी और अन्यायपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार मांगने के बावजूद उन्हें गिरफ्तारी आदेश की कॉपी नहीं दी गई, जो कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन है। साथ ही, गिरफ्तारी के बाद से उन्हें पति से बात करने का भी अवसर नहीं मिला है।

एपेक्स बॉडी और KDA ने सरकार से बातचीत रोकी

वांगचुक की गिरफ्तारी के बाद एपेक्स बॉडी लेह (ABL) और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (KDA) ने केंद्र सरकार से बातचीत की प्रक्रिया रोक दी है। इन संगठनों का कहना है कि यह गिरफ्तारी राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है। हालांकि, लद्दाख प्रशासन ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि वांगचुक को किसी विच हंट या स्मोकस्क्रीन ऑपरेशन के तहत निशाना नहीं बनाया गया है।

केंद्र सरकार का बयान

मोदी सरकार ने बयान जारी करते हुए कहा कि सरकार लद्दाख मामलों पर हमेशा संवाद के लिए खुली रही है। “हम ABL और KDA के साथ किसी भी मंच पर बातचीत का स्वागत करते रहेंगे,” केंद्र ने कहा।

राष्ट्रपति मुर्मू को लिखा भावुक पत्र

इससे पहले गीतांजलि अंगमो ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर सोनम वांगचुक की रिहाई की भावनात्मक अपील की थी। उन्होंने कहा कि वांगचुक हमेशा देश और सेना के साथ खड़े रहे हैं और उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है। गीतांजलि ने लिखा— “वह एक ऐसे इंसान हैं जो किसी के लिए भी खतरा नहीं हो सकते। उन्होंने अपना जीवन लद्दाख के वीर सपूतों और समाज की सेवा में समर्पित किया है। उनकी रिहाई सिर्फ हमारे परिवार ही नहीं, बल्कि लद्दाख के हजारों लोगों के लिए न्याय होगी।”

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment