जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुशासन और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सख्त रुख दिखाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर भ्रष्टाचार, लापरवाही और अनुशासनहीनता से जुड़े 15 प्रकरणों में कुल 28 कार्मिकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। इस कदम ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य सरकार अब शासन-प्रशासन में किसी भी तरह की ढिलाई या रिश्वतखोरी को बर्दाश्त नहीं करेगी। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरकारी सेवा में ईमानदारी सर्वोच्च मूल्य है, और जो भी अधिकारी या कर्मचारी नियमों की अनदेखी करेगा, वह किसी भी पद पर क्यों न हो, कार्रवाई से नहीं बच सकेगा।
2 RAS अधिकारी निलंबित
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के दो अधिकारियों को रिश्वत लेने और नियम विरुद्ध कार्य करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा, चुनाव कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में एक उपखंड अधिकारी और एक तहसीलदार के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है।
अनुपस्थित कर्मी को अनिवार्य सेवानिवृत्ति
सरकार ने लगातार सेवा से अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही करने वाले एक कर्मचारी को अनिवार्य सेवानिवृत्ति देने की अनुशंसा भी मंजूर की है।
5 अधिकारियों की पेंशन रोकी गई
तीन प्रकरणों में 13 अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति प्रदान की गई है ताकि भ्रष्टाचार मामलों का निपटारा तेजी से हो सके। इसके अलावा, दो मामलों में दोषी पाए गए अधिकारियों की पूरी पेंशन रोकने का निर्णय लिया गया है। राज्यपाल द्वारा अनुमोदित तीन अन्य मामलों में 5 अधिकारियों की आंशिक पेंशन रोकने का दंड भी तय किया गया है।
पुलिस अधिकारी की अपील खारिज
सेवानिवृत्ति के बाद जांच में आरोप साबित होने पर एक मामले को राज्यपाल की स्वीकृति के लिए भेजा गया है। वहीं, नियम 17-सीसीए के तहत अधिकार क्षेत्र से बाहर काम करने पर एक प्राचार्य को दंडित किया गया है। साथ ही, नियम 34-सीसीए के तहत पुनरावलोकन याचिका दाखिल करने वाले एक पुलिस अधिकारी की अपील खारिज करते हुए पूर्व दंड को यथावत रखा गया है। राज्य सरकार के इस कड़े कदम ने प्रशासनिक गलियारों में स्पष्ट संदेश दे दिया है कि ईमानदारी और जवाबदेही की राह से भटकने वालों पर अब सख्त कार्रवाई निश्चित है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







