IPL फ्रेंचाइजी ने पैट कमिंस और ट्रैविस हेड को 10 मिलियन डॉलर का ऑफर दिया, दोनों ने ठुकराया प्रस्ताव

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैदान में विदेशी खिलाड़ियों की भारी डिमांड के बीच ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स पैट कमिंस और ट्रैविस हेड को एक बड़ी IPL फ्रेंचाइजी ने चौंकाने वाला ऑफर दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फ्रेंचाइजी ने दोनों खिलाड़ियों को 10 मिलियन डॉलर (करीब 58.2 करोड़ रुपये) का सालाना अनुबंध ऑफर किया था, ताकि वे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट छोड़कर सालभर फ्रेंचाइजी से जुड़े रहें। हालांकि, इन दोनों स्टार खिलाड़ियों ने इस आकर्षक प्रस्ताव को ठुकरा दिया और अपने देश के लिए खेलने की प्रतिबद्धता को प्राथमिकता दी।

 ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने के प्रति वफादार रहे दोनों खिलाड़ी

ऑस्ट्रेलियाई अखबार ‘द ऐज’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस ऑफर में खिलाड़ियों से उम्मीद की गई थी कि वे आईपीएल के अलावा दुनिया भर के अन्य टी20 लीग्स में भी उसी फ्रेंचाइजी के लिए खेलें। लेकिन कमिंस और हेड दोनों ने साफ कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को प्राथमिकता देंगे और ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना जारी रखेंगे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि इस घटना के बाद से ऑस्ट्रेलिया की घरेलू बिग बैश लीग (BBL) के निजीकरण की चर्चाएं तेज हो गई हैं, ताकि खिलाड़ियों के वेतन में बढ़ोतरी के लिए निजी निवेश जुटाया जा सके।

 क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और खिलाड़ियों के बीच चर्चा जारी

खबरों के अनुसार, इस मामले पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA), राज्य संघों और खिलाड़ियों के संघ के बीच बातचीत चल रही है। हालांकि अब तक किसी भी पक्ष ने आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। पैट कमिंस वर्तमान में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के कप्तान हैं। उन्हें आईपीएल 2024 की नीलामी में 20.5 करोड़ रुपये में साइन किया गया था — जो अब तक किसी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को मिली सबसे बड़ी रकम में से एक है। इससे पहले, 2023 सीज़न से पहले SRH ने उन्हें 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।

 ट्रैविस हेड की कीमत में भी जबरदस्त उछाल

दूसरी ओर, आक्रामक बल्लेबाज ट्रैविस हेड को आईपीएल 2024 की नीलामी में SRH ने मात्र 6.8 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन उनके शानदार प्रदर्शन के चलते, फ्रेंचाइजी ने 2025 सीजन के लिए उनका वेतन 14 करोड़ रुपये तक बढ़ा दिया — यानी दोगुने से भी ज्यादा। यह ऑफर इस बात का संकेत देता है कि आईपीएल अब केवल एक टूर्नामेंट नहीं रहा, बल्कि एक ग्लोबल ब्रांड बन चुका है। हालांकि, कमिंस और हेड जैसे खिलाड़ी यह दिखा रहे हैं कि राष्ट्रीय टीम के प्रति समर्पण अब भी सबसे ऊपर है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment