जयपुर। राजस्थान में दिसंबर के महीने में इस बार मौसम का चक्र उलटा नजर आ रहा है। जहां आमतौर पर कड़ाके की सर्दी पड़ती है, वहीं पश्चिमी राजस्थान में असामान्य गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। दूसरी ओर मौसम विभाग ने 23, 24 और 25 दिसंबर को प्रदेश के पूर्वोत्तर हिस्सों में शीतलहर चलने और घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है।
थार मरुस्थलीय क्षेत्रों में दिन ही नहीं, रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म बनी हुई हैं। जोधपुर सहित प्रदेश के नौ जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया जा रहा है। बाड़मेर में पारा 33 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो दिसंबर के लिहाज से असाधारण माना जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्ष 2020 के कोरोना काल के बाद यह दिसंबर पश्चिमी राजस्थान के लिए सबसे गर्म रहा है। पश्चिमी मैदानी इलाकों में दिन और रात का तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री अधिक दर्ज हो रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवाओं के पैटर्न में बदलाव आएगा। इसके चलते आगामी दो से तीन दिनों में प्रदेश के पूर्वोत्तर हिस्सों सहित कई इलाकों में घना कोहरा छाने और शीतलहर चलने की संभावना है।
छह शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे
बीती रात प्रदेश के छह शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में रात का तापमान 7.6 डिग्री रहा। पाली में 8.0, पिलानी में 9.0, चित्तौड़गढ़ में 9.2, सिरोही में 8.9 और वनस्थली में 9.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
कोरोना के बाद पश्चिमी राजस्थान सबसे गर्म
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। बीती रात जोधपुर में अधिकतम तापमान 32.4, बाड़मेर में 33.4, जैसलमेर में 30.5, बीकानेर में 33.0, फलोदी में 30.4, नागौर में 31.1, जालौर में 30.8 और पाली में 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दो–तीन दिन कड़ाके की सर्दी का दौर
मौसम विज्ञानियों के अनुसार हिमालयी तराई क्षेत्रों और उत्तर भारत में हो रहे हिमपात का असर अब राजस्थान में दिखने लगा है। बर्फीली हवाओं के कारण पूर्वोत्तर राजस्थान में सर्दी बढ़ने के आसार हैं। आने वाले दो से तीन दिनों में घने कोहरे और शीतलहर के साथ दिन और रात के तापमान में गिरावट से कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू होने का पूर्वानुमान है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
बीती रात का न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
अजमेर 12.3, अलवर 10.4, सीकर 12.0, कोटा 11.0, डबोक 11.4, अंता-बारां 14.3, फतेहपुर 10.3, करौली 12.2, दौसा 11.5, प्रतापगढ़ 13.9, झुंझुनूं 12.2, बीकानेर 15.0, फलोदी 16.4, श्रीगंगानगर 11.7, चूरू 11.4 और जालोर 11.0 डिग्री सेल्सियस। मौसम के इस बदलते मिज़ाज को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और कोहरे व शीतलहर के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







