जालोर। नकल प्रकरण और डमी अभ्यर्थियों के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करने के मामलों को लेकर जालोर जिला एक बार फिर सुर्खियों में है। राजस्थान एसओजी की जांच के बाद सामने आया है कि भर्ती परीक्षा में व्याख्याता बने अशोक कुमार ने डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा दिलवाई और नौकरी हासिल की। इस मामले में चितलवाना कॉलेज के प्रोफेसर नरेश सारण की भूमिका भी उजागर हुई है।
एसओजी को मिली शिकायत के अनुसार डेडवा निवासी अशोक कुमार ने स्वयं परीक्षा देने के बजाय डमी अभ्यर्थी बिठाकर चयन पाया। जांच में सामने आया कि सांगडवा निवासी नरेश सारण ने उसके स्थान पर परीक्षा दी। एसओजी के मुताबिक अशोक ई-मित्र संचालक है और उसने नरेश की फोटो के आधार पर अपनी फोटो का क्लोन बनाकर ऑनलाइन आवेदन किया।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अशोक ऑनलाइन आवेदन भरने का काम करता था। जनवरी 2020 में जोधपुर की पुलिस लाइन स्थित महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल में नरेश ने परीक्षा दी। इसके अगले दिन जालोरी गेट गर्ल्स स्कूल में भूगोल विषय की परीक्षा भी उसी ने दी। एसओजी टीम दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है और गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे होने की संभावना है।
ऐसे रची गई साजिश
अशोक ने आवेदन के समय जिस फोटो का उपयोग किया, वही परीक्षा की हर प्रक्रिया में इस्तेमाल होती रही। नरेश जब परीक्षा देने गया, तब भी वही फोटो मान्य कराई गई। चयन के बाद दस्तावेज सत्यापन में अशोक ने अपनी असली फोटो लगवाई, ताकि रिकॉर्ड दुरुस्त दिखाई दे। तमाम गड़बड़ियों के बावजूद मार्च 2021 में अशोक ने बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी ब्लॉक स्थित पिपराली में ज्वाइनिंग कर ली।
जालोर पर फिर सवाल
पटवारी, पुलिस, लेक्चरर भर्ती सहित कई प्रक्रियाओं में गड़बड़ी के मामलों में जालोर जिले के नकल गिरोह का नाम बार-बार सामने आता रहा है। एसओजी परत-दर-परत जांच कर रही है। 28 जुलाई को पीटीआई सीधी भर्ती परीक्षा में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ था, जिसमें 165 अभ्यर्थियों के खिलाफ मामले दर्ज हुए—इनमें से 14 का संबंध जालोर जिले से पाया गया।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







