भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज Mustafizur Rahman को तुरंत टीम से रिलीज करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह आदेश जारी किया है। इसके साथ ही बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि केकेआर उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल करना चाहे तो उसे इसकी अनुमति दी जाएगी।
9.20 करोड़ में खरीदे गए थे मुस्ताफिजुर
आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में केकेआर ने मुस्ताफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में खरीदा था। लेकिन अब बीसीसीआई के इस फैसले के बाद वह आगामी आईपीएल सीजन में केकेआर की जर्सी में नजर नहीं आएंगे। यह निर्णय लीग और फ्रेंचाइजी दोनों के लिए अहम माना जा रहा है।
सोशल मीडिया पर बढ़ता विरोध
शाहरुख खान की मालिकाना हक वाली केकेआर को मुस्ताफिजुर को टीम में शामिल करने के फैसले पर पहले से ही सोशल मीडिया पर तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। फैंस के साथ-साथ कुछ नेताओं और साधु-संतों ने भी बांग्लादेशी खिलाड़ी के आईपीएल में खेलने पर सवाल उठाए थे। गौरतलब है कि अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार गिरने के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ गई है। हाल ही में दो हिंदुओं की हत्या की घटनाओं के बाद पूरे भारत में बांग्लादेश के खिलाफ विरोध प्रदर्शन देखने को मिले हैं, जिसका असर खेल जगत पर भी पड़ा।
कैफ ने की थी इंतजार की अपील
बीसीसीआई के अंतिम फैसले से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर Mohammad Kaif ने इस मुद्दे पर संयम बरतने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि यह एक संवेदनशील विषय है और इसका निर्णय बीसीसीआई को ही करना चाहिए। कैफ ने यह भी स्पष्ट किया था कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है और बोर्ड जो भी फैसला लेगा, वही अंतिम होगा। बीसीसीआई के इस कदम को मौजूदा हालात में सख्त लेकिन जरूरी फैसला माना जा रहा है, जिससे आईपीएल 2026 से पहले कई अहम समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







