जोधपुर। जिला अदालत परिसर में शुक्रवार को एक मामूली सड़क दुर्घटना ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। परिसर में एक अधिवक्ता की कार को महिला पुलिस अधिकारी की गाड़ी से हल्की टक्कर लग गई, जिससे कार में मामूली क्षति हुई। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ती चली गई और देखते-ही-देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
माफी की मांग पर अड़े अधिवक्ता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद अधिवक्ताओं ने महिला पुलिस अधिकारी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। हालांकि महिला पुलिस अधिकारी ने माफी मांगने से इनकार कर दिया। बताया गया कि संबंधित अधिकारी वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अपर मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट संख्या-8 के न्यायालय में पेशी के लिए पहुंची थीं।
अदालत परिसर में हंगामा
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर एकत्र हो गए और रोष जताने लगे। हंगामे के चलते कुछ समय के लिए अदालत परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया गया। हस्तक्षेप के बाद हालात पर काबू पाया गया।
पहले भी हो चुका है ऐसा विवाद
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बनी हो। बीते दिसंबर में कुड़ी भगतासनी थाने में भी पुलिस-वकील विवाद सामने आया था, जहां धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार के आरोपों के बाद थानाधिकारी और एक कांस्टेबल को निलंबित किया गया था।फिलहाल, ताजा घटना को लेकर कोई औपचारिक शिकायत दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच संवाद से मामला सुलझाने की कोशिशें जारी हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







