सीकर। जिले के प्रसिद्ध गणेश्वर तीर्थ धाम में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुंड में फेंके गए एक सूटकेस में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि धाम परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी दहशत फैल गई। घटना के समय कुंड के पास जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा था और कई मजदूर मौके पर मौजूद थे।
निर्माण कार्य में लगे मजदूर सुरेश गुर्जर ने बताया कि दो श्रद्धालु वहां पहुंचे और अपने हाथ में मौजूद सूटकेस को अचानक कुंड में फेंक दिया। मजदूर कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सूटकेस में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट होते ही वहां मौजूद मजदूर और लोग घबरा गए तथा जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि सूटकेस के टुकड़े-टुकड़े हो गए और कुंड की चारदीवारी पर सामग्री के छींटे फैल गए, जिससे दीवारों को भी नुकसान पहुंचा। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुंड का पानी उछलकर बाहर गिर गया।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मजदूरों सहित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी धाम परिसर में एकत्र हो गए।
फिलहाल पुलिस संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सूटकेस में क्या सामग्री भरी थी तथा विस्फोट किस उद्देश्य से किया गया। एहतियात के तौर पर धाम परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








