बीकानेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, कोर्ट परिसर खाली, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा

बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बीकानेर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और पूरे कोर्ट परिसर को कड़ी सुरक्षा में ले लिया गया।

धमकी मिलने के बाद एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर भारी पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात कर दिया गया है। इसके साथ ही डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंच चुका है और कोर्ट परिसर के हर कोने की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा कारणों से न्यायिक कार्यों को फिलहाल रोक दिया गया है और अधिवक्ताओं, पक्षकारों व कर्मचारियों को परिसर से बाहर निकाल दिया गया है।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष की अपील

बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी अधिवक्ताओं और आम लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली और सभी को सतर्क रहने का संदेश दिया।

अजय पुरोहित ने जारी संदेश में कहा,
“सभी अधिवक्तागण, पक्षकारों और न्यायिक कर्मचारियों को सूचित किया जाता है कि तुरंत प्रभाव से अदालत परिसर को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, ऐसे में सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाना जरूरी है। जो अधिवक्ता अभी तक कोर्ट नहीं पहुंचे हैं, वे अपने घरों में ही सुरक्षित रहें।”

धमकी के स्रोत की तलाश में पुलिस

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा कॉल या संदेश कहां से आया है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह किसी की शरारत है या वास्तविक खतरा। हालांकि प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और तलाशी अभियान जारी है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment