जयपुर: नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही राजधानी जयपुर के आसपास के नेशनल हाईवे पर सफर महंगा होने जा रहा है। नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने टोल दरों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है, जो 1 अप्रैल से लागू होगी। इस फैसले के बाद जयपुर से जुड़े प्रमुख हाईवे—रिंग रोड, जयपुर-किशनगढ़, जयपुर-सीकर और जयपुर-दौसा मार्ग पर वाहन चालकों को 5 से 20 रुपए तक अधिक टोल शुल्क देना होगा।
हालांकि इस बढ़ोतरी में आम वाहन चालकों को बड़ी राहत दी गई है। NHAI द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, एलएमवी (लाइट मोटर व्हीकल) श्रेणी यानी कार और एसयूवी के टोल शुल्क में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन वाहनों से पहले की तरह ही पुरानी दरों पर टोल वसूला जाएगा।
टोल दरों में सबसे ज्यादा असर भारी और कॉमर्शियल वाहनों पर पड़ेगा। रिंग रोड सहित अन्य मार्गों पर हल्के वाहनों के लिए दरें स्थिर रखी गई हैं, जबकि ट्रक, बस और अन्य बड़े वाहनों के लिए 5 से 20 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है।
NHAI के नोटिफिकेशन के मुताबिक, जयपुर-दिल्ली पुराने हाईवे पर दौलतपुरा, मनोहरपुर और शाहजहांपुर टोल प्लाजा, जयपुर-किशनगढ़ मार्ग पर ठीकरिया और बड़गांव, रिंग रोड पर सीतारामपुरा और हिंगोनिया, तथा जयपुर-सीकर हाईवे पर टाटियावास टोल बूथ पर नई दरें लागू होंगी।
एक ओर जहां रोजाना सफर करने वाले कार चालकों को राहत मिली है, वहीं सालाना पास लेने वालों के लिए खर्च बढ़ गया है। कार और एसयूवी के सालाना पास की कीमत में 75 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। अब यह पास 3,000 रुपए के बजाय 3,075 रुपए में मिलेगा। इस पास के तहत एक साल या 200 ट्रिप तक टोल पार किया जा सकता है।
टोल दरों में यह बदलाव हर साल की तरह इस बार भी होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के आधार पर किया गया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा इंडेक्स के मूल्यांकन के बाद नई दरें तय की जाती हैं। इसके अलावा सड़क की लंबाई और उस पर उपलब्ध सुविधाएं जैसे फ्लाईओवर, अंडरपास और टनल भी टोल दरों को प्रभावित करती हैं।
नई दरें लागू होने के बाद जहां ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर अतिरिक्त भार बढ़ेगा, वहीं आम यात्रियों के लिए फिलहाल राहत बरकरार रखी गई है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








