जयपुर | 30 मार्च 2026
राजस्थान के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE), अजमेर द्वारा कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 31 मार्च 2026 को सुबह 10:00 बजे जारी किया जाएगा। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर उदयपुर जिला कलेक्टर कार्यालय से ऑनलाइन जुड़कर आधिकारिक रूप से परिणाम घोषित करेंगे। परिणाम जारी होते ही छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट आसानी से चेक कर सकेंगे।
रिकॉर्ड समय में जारी हो रहा परिणाम
आमतौर पर RBSE 12वीं का परिणाम मई के अंत तक जारी होता है, लेकिन इस बार बोर्ड ने रिकॉर्ड बनाते हुए मार्च में ही रिजल्ट जारी करने का फैसला लिया है। इससे पहले 24 मार्च 2026 को 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर भी बोर्ड ने देशभर में सबसे पहले रिजल्ट जारी करने का रिकॉर्ड बनाया था।
9 लाख से अधिक छात्रों ने दी परीक्षा
इस वर्ष 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से 11 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय सहित करीब 9.10 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था। कॉपियों का मूल्यांकन लगभग पूरा होने के बाद तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर परिणाम जारी करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई थी। राजस्थान पत्रिका ने पहले ही संकेत दे दिया था कि इस बार 12वीं का परिणाम मार्च के अंत तक जारी हो सकता है। अब बोर्ड की आधिकारिक घोषणा के साथ यह पुष्टि हो गई है।
ऐसे चेक करें RBSE 12वीं रिजल्ट 2026
छात्र निम्न आसान स्टेप्स के जरिए अपना परिणाम देख सकते हैं:
- सबसे पहले RBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
- होमपेज पर “RBSE 12th Result 2026” लिंक पर क्लिक करें
- अपनी स्ट्रीम (Arts/Science/Commerce) चुनें
- रोल नंबर दर्ज करें
- सबमिट करते ही स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा
छात्रों के लिए अहम सलाह
रिजल्ट जारी होते ही वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक हो सकता है, ऐसे में छात्र धैर्य रखें और कुछ समय बाद दोबारा प्रयास करें। साथ ही, भविष्य के लिए रिजल्ट की कॉपी डाउनलोड या प्रिंट जरूर कर लें।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








