जयपुर में तरबूज बना ‘जहर’! मुहाना मंडी में छापा, 6 सैंपल जांच के लिए भेजे गए

जयपुर की भीषण गर्मी के बीच राहत देने वाले तरबूज को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। राजधानी की सबसे बड़ी फल मंडी, मुहाना मंडी में तरबूज में कृत्रिम रंग मिलाने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने संदिग्ध तरबूजों के 6 नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।

शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन

खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली शिकायतों के अनुसार कुछ विक्रेता तरबूज को अधिक लाल और आकर्षक दिखाने के लिए उसमें हानिकारक कृत्रिम रंग और मिठास बढ़ाने वाले रसायनों का उपयोग कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने बुधवार तड़के मंडी में छापेमारी की। डॉ. मनीष मित्तल (सीएमएचओ, जयपुर द्वितीय) के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कोटपूतली, पावटा, शाहपुरा, चौमूं के साथ-साथ महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से आए तरबूजों की भी जांच की।

6 खेपों से लिए गए नमूने

डॉ. मित्तल ने बताया कि मौके पर संदिग्ध पाए गए 6 अलग-अलग खेपों से नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को फूड लैब भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार, तरबूज में मिलाए जाने वाले रसायन जैसे एरिथ्रोसिन (लाल रंग) और सैक्रिन (मिठास) स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकते हैं।
इनके सेवन से पेट दर्द, उल्टी, दस्त और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक सेवन से लीवर और किडनी पर गंभीर असर पड़ सकता है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों में।

ऐसे पहचानें मिलावटी तरबूज
  • तरबूज के टुकड़े पर रूई रगड़ें—अगर रूई लाल हो जाए, तो मिलावट का शक।
  • पानी में डालने पर अगर तुरंत रंग छोड़ने लगे, तो सतर्क हो जाएं।
  • सतह पर सुई के निशान या सफेद पाउडर दिखे, तो खरीदने से बचें।
अगर खा लिया है मिलावटी तरबूज
  • ज्यादा पानी और ओआरएस पिएं
  • लगातार उल्टी-दस्त हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
  • नारियल पानी पीना फायदेमंद हो सकता है
बचाव ही सबसे बड़ा उपाय
  • हमेशा विश्वसनीय दुकानदार से फल खरीदें
  • अत्यधिक लाल और असामान्य रूप से मीठे तरबूज से बचें
  • किसी भी तरह की मिलावट की आशंका हो तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें

जयपुर में सामने आई यह घटना उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ा अलर्ट है। गर्मी में राहत देने वाला तरबूज अगर मिलावटी हो, तो वही सेहत के लिए खतरा बन सकता है। ऐसे में सतर्क रहना और सही पहचान करना बेहद जरूरी है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment