राजसमंद / 19 मई 2026। मेवाड़ की माटी और राजसमंद जिले के बामनिया कला गांव की होनहार बेटी, सुश्री सरोज कुमावत ने अमेरिका के प्रतिष्ठित इलिनोइस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (शिकागो) से उच्च शिक्षा प्राप्त कर पूरे देश और कुमावत समाज का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने हाल ही में विश्व स्तर पर ख्याति प्राप्त इस संस्थान से मास्टर इन इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (ITM) की डिग्री सफलतापूर्वक हासिल की है। कुमावत ने बी.टेक. गुजरात विश्वद्यालय से किया है।
मेवाड़ कुमावत समाज के अध्यक्ष शंकर लाल मेरावंडिया (कुमावत) की सुपुत्री सरोज की यह उपलब्धि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की एक जीवंत मिसाल है। विदेश की धरती पर अपनी कड़ी मेहनत, प्रतिभा और संस्कारों का परचम लहराते हुए सरोज ने यह साबित कर दिया है कि यदि बेटियों को समान अवसर और उचित समर्थन मिले, तो वे वैश्विक पटल पर किसी भी मुकाम को हासिल कर नया इतिहास रच सकती हैं।
इस ऐतिहासिक सफलता पर मेवाड़ और सम्पूर्ण कुमावत समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है। समाज के प्रबुद्ध जनों का मानना है कि सरोज की यह सफलता केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज और क्षेत्र की बालिकाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने तथा बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी। परिवार के सदस्यों ने इस सफलता का श्रेय भगवान चारभुजानाथ के आशीर्वाद, गायत्री शक्ति पीठ के उच्च संस्कारों और माता-पिता के त्याग व सहयोग को दिया है।
आज पूरा क्षेत्र इस बात पर गर्व कर रहा है कि कुमावत समाज की बेटियां अब सिर्फ सपने नहीं देख रही हैं, बल्कि उन्हें हकीकत में बदलकर शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।







