राजस्थान में इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर और भीलवाड़ा में 47 ई-बसों को दिखाई हरी झंडी

जयपुर। राजस्थान में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत जयपुर में 29 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भीलवाड़ा में 18 नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का भी शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना शहरी परिवहन व्यवस्था को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अगस्त 2023 में शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य देशभर में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देना है।

बसों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

अमर जवान ज्योति पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक बस का पूजन कर उसका निरीक्षण किया। उन्होंने बसों में उपलब्ध पैनिक बटन, एयर कंडीशनिंग, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चालक और परिचालक से बातचीत भी की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं टिकट लेकर अमर जवान ज्योति से स्टेट हैंगर तक इलेक्ट्रिक बस में यात्रा की और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का अनुभव किया।

राजस्थान को मिलेंगी 1150 इलेक्ट्रिक बसें

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर और अजमेर सहित आठ शहरों का चयन किया गया है। केंद्र सरकार ने इन शहरों के लिए 675 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी है। इसके अतिरिक्त 475 और ई-बसें स्वीकृत हुई हैं। इस प्रकार राजस्थान को कुल 1150 इलेक्ट्रिक बसें मिलने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले चरण में दीपावली तक 675 बसों का संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

महिलाओं, छात्रों और दिव्यांगों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई इलेक्ट्रिक बसें महिलाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का माध्यम बनेंगी। बसों में लगे सीसीटीवी कैमरे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद करेंगे। राज्य सरकार शहरी परिवहन के लिए 555 ई-बसें और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 50 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य कर रही है।

‘विकसित राजस्थान 2047’ की दिशा में बड़ा कदम

भजनलाल शर्मा ने कहा कि आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में पानी, बिजली, उद्योग और परिवहन समेत विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति दी है।

हरियालो राजस्थान अभियान का भी किया जिक्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक करीब 20 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।

कार्यक्रम में विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, जेसीटीएसएल अध्यक्ष रवि जैन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। वहीं भीलवाड़ा से विधायक उदयलाल भड़ाना और अशोक कोठारी सहित अन्य लोग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment