नई दिल्ली। NEET UG री-एग्जाम से पहले राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने परीक्षा में कथित धांधली, पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
शनिवार को जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी प्रवक्ता सौरव दास सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार जवाबदेही से नहीं बच सकती और आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते।
प्रदर्शन की अवधि बढ़ाने की मांग खारिज
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस से जंतर-मंतर पर धरने की समय सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया था, लेकिन पुलिस ने इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शन समाप्त होने के बाद स्थल खाली करने के निर्देश दिए। सुरक्षा एजेंसियों ने बिना अनुमति लंबे समय तक धरना जारी रखने को नियमों के विरुद्ध बताया।
जंतर-मंतर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। सुबह से ही कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रमुख मार्गों और प्रवेश-निकास बिंदुओं पर वाहनों की जांच की गई। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात की निगरानी करते रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व फोर्स को भी अलर्ट मोड पर रखा गया था।
छात्रों और अभिभावकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील
CJP ने छात्रों, अभिभावकों और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता की मांग करने वाले नागरिकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की। पार्टी नेताओं ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में सुधार और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए जनभागीदारी जरूरी है।
NEET परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर विरोध
कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि वह NEET UG परीक्षा में कथित धांधली, पेपर लीक और बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रही है। पार्टी का आरोप है कि इन घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
रविवार को होगा NEET UG री-एग्जाम
इस बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) रविवार, 21 जून को देशभर में NEET UG पुनर्परीक्षा आयोजित करेगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा। एनटीए के अनुसार परीक्षा देश के 551 शहरों और 14 विदेशी शहरों में आयोजित की जाएगी। 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के इसमें शामिल होने की संभावना है। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के लिए नया एडमिट कार्ड अनिवार्य किया गया है। री-एग्जाम से ठीक पहले जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन ने परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था को लेकर राष्ट्रीय बहस को और तेज कर दिया है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








