राजनेता और ज्वैलर की हत्या की तैयारी कर रहे 3 बदमाश गिरफ्तार, 4 ऑटोमेटिक हथियार बरामद

सीकर। शेखावाटी क्षेत्र में गैंगवार और गैंगस्टरों के नेटवर्क का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। विदेशों में बैठे गैंगस्टर अपने गुर्गों और शूटरों के जरिए राजस्थान में वारदातों को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। इसी कड़ी में सीकर पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर हत्या की सुनियोजित साजिश को नाकाम कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, विदेश में सक्रिय एक बड़े गैंग के निर्देश पर आरोपी पिछले करीब तीन माह से सीकर के एक प्रमुख राजनेता और एक बड़े ज्वैलर की हत्या की योजना बना रहे थे। एजीटीएफ की सूचना पर सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने शुक्रवार देर रात सीकर शहर और लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के रोरू बड़ी गांव में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

4 ऑटोमेटिक हथियार और 64 कारतूस बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अत्याधुनिक ऑटोमेटिक हथियार और 64 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में सीकर कोतवाली और लक्ष्मणगढ़ थाने में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। सीकर में दर्ज एफआईआर की जांच दादिया थाना प्रभारी को सौंपी गई है।

सीकर शहर के फ्लैट में छिपे थे आरोपी

पुलिस टीमों ने सीकर के बजाज रोड स्थित जैन हॉस्पिटल के सामने धोबियों के मोहल्ले में एक फ्लैट पर छापा मारा। यहां से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास भारी मात्रा में हथियार और कारतूस मिले। पूछताछ में आरोपी ने लक्ष्मणगढ़ में अपने अन्य साथियों के छिपे होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने रोरू बड़ी गांव में दबिश देकर दो अन्य युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों से पूछताछ में पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं।

तीन महीने से किराए के फ्लैट में बना रखा था ठिकाना

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने करीब तीन महीने पहले बजाज रोड पर एक फुली फर्निश्ड फ्लैट किराए पर लिया था। फ्लैट में एसी, फ्रिज, बेड सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध थीं। यह फ्लैट रोरू बड़ी निवासी जयप्रकाश शर्मा और विकास शर्मा के नाम से किराए पर लिया गया था, जिन्होंने बाद में इसे बदमाशों को उपलब्ध करा दिया।

पहले भी रची जा चुकी थी हत्या की साजिश

पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिस राजनेता और ज्वैलर को निशाना बनाने की योजना थी, उनके खिलाफ पहले भी हमले की साजिश रची जा चुकी है। कुछ समय पहले पुलिस ने गैंगस्टर रोहित गोदारा के नेटवर्क से जुड़े हिस्ट्रीशीटर राहुल रिणाऊ के जीजा शिव गौतम को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उसने एक छात्र से ज्वैलर की रेकी करवाई थी।बताया जा रहा है कि संबंधित ज्वैलर को पहले से पुलिस सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई है।

एसपी ने युवाओं से की अपील

सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है। उनके कब्जे से चार हथियार और 64 कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि गैंगस्टरों को किसी भी तरह महिमामंडित न किया जाए और उनके नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ा जाए। एसपी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी लालच में आकर अपराध की दुनिया में कदम न रखें और ऐसे तत्वों से दूर रहें।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment