नई दिल्ली: चाइनीज स्मार्टफोन निर्माता iQOO भारतीय बाजार में अपना नया स्मार्टफोन iQOO Z11 लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने पुष्टि की है कि यह स्मार्टफोन 20 अगस्त को भारत में लॉन्च किया जाएगा। लॉन्च से पहले कंपनी ने इसके डिजाइन और कलर ऑप्शन की जानकारी साझा की है। खास बात यह है कि भारत में आने वाला iQOO Z11, चीन में लॉन्च किए गए मॉडल से डिजाइन के मामले में थोड़ा अलग होगा।
कंपनी के मुताबिक, भारतीय वेरिएंट ब्लू और ग्रीन कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा। इसमें कर्व्ड रियर पैनल और 3D कर्व्ड डिस्प्ले दिया जाएगा, जिससे फोन का प्रीमियम लुक और बेहतर होगा। इसके अलावा फोन में हॉरिजॉन्टल पिल-शेप वाला रियर कैमरा मॉड्यूल मिलेगा, जबकि चीन में लॉन्च हुए मॉडल में स्क्वेयर-शेप कैमरा आइलैंड दिया गया है।
iQOO Z11 :भारत में मिलेगा नया प्रोसेसर
iQOO Z11 भारत में MediaTek Dimensity 7500 Turbo प्रोसेसर के साथ लॉन्च किया जा सकता है। यह भारत में इस चिपसेट के साथ आने वाला iQOO का पहला स्मार्टफोन हो सकता है। वहीं चीन में लॉन्च किए गए iQOO Z11 में MediaTek Dimensity 8500 प्रोसेसर दिया गया है।
फोन के डिजाइन की बात करें तो इसके ऊपरी हिस्से में स्पीकर ग्रिल और माइक्रोफोन मिलेगा, जबकि दाईं ओर पावर बटन और वॉल्यूम कंट्रोल दिए गए हैं। स्मार्टफोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप होगा।
कैमरा और बैटरी
चीन में लॉन्च किए गए iQOO Z11 में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) सपोर्ट के साथ और 2 मेगापिक्सल का डेप्थ सेंसर शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन में 9,020mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 90W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। हालांकि, भारत में लॉन्च होने वाले मॉडल की बैटरी और अन्य स्पेसिफिकेशंस में बदलाव हो सकता है।
संभावित स्पेसिफिकेशंस
चीन में पेश किए गए iQOO Z11 में 6.83 इंच AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रिजॉल्यूशन 1260×2800 पिक्सल है। डिस्प्ले 165Hz रिफ्रेश रेट और HDR सपोर्ट के साथ आता है। इसमें 16GB तक RAM और 512GB तक इंटरनल स्टोरेज का विकल्प मिलता है। गौरतलब है कि कंपनी ने हाल ही में भारत में iQOO Z11 Lite लॉन्च किया था। अब iQOO Z11 के जरिए कंपनी मिड-रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट में अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी में है। लॉन्च के दौरान फोन की कीमत और उपलब्धता से जुड़ी जानकारी भी सामने आएगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







