80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। इंस्टाग्राम पर एक विशेष वीडियो शेयर करते हुए प्रधानमंत्री ने लोगों से 15 अगस्त को पूरे गर्व के साथ मनाने, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और ‘विकसित भारत’ के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, “आइए, 15 अगस्त को आन-बान-शान से मनाएं। स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें और विकसित भारत का संकल्प लें। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा।”
सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल के दिनों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, विशेषकर इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय दिखे हैं। जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के बीच उन्होंने जेन-जेड (Gen-Z) युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए देर रात इंस्टाग्राम लाइव का सहारा लिया था। इसके अलावा हाल ही में उन्होंने ‘फ्रेंडशिप डे’ और ‘नेशनल हैंडलूम डे’ के अवसर पर भी इंस्टाग्राम लाइव के जरिए देशवासियों से बातचीत की थी।
लाल किले पर पहली बार गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’, युवा शक्ति का होगा सम्मान
भारत इस साल 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से करेंगे। इस वर्ष का समारोह दो मुख्य थीमों—‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ और ‘विकसित भारत @2047 के लिए युवा शक्ति’ पर केंद्रित रहेगा।
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के अनुसार, इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री के लाल किले आगमन पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा, जिसके बाद ध्वजारोहण और राष्ट्र के नाम संबोधन होगा। समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना का एमआई-17 (Mi-17) हेलीकॉप्टर ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का संदेश देने वाला विशेष बैनर लेकर लाल किले के ऊपर से उड़ान भरेगा और उपस्थित जनसमूह पर पुष्पवर्षा करेगा। इसके साथ ही ज्ञानपथ पर एनसीसी कैडेट्स और ‘माई भारत’ (MY Bharat) के स्वयंसेवक ‘वंदे मातरम्’ की विशाल मानव श्रृंखला बनाएंगे। समारोह में देश के युवा वैज्ञानिकों और ओलंपियाड विजेताओं को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








