जयपुर स्कूल बवाल में कूदे अरविंद केजरीवाल: BJP पर साधा निशाना, बोले- ‘बच्चे पढ़ जाएंगे तो भाजपा को क्या परेशानी है?’

जयपुर: जयपुर के सांगानेर स्थित रामपुरा-कंवरपुरा के सरकारी स्कूल में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। राजस्थान की स्थानीय राजनीति से शुरू हुआ यह विवाद अब आम आदमी पार्टी (AAP) तक पहुंच गया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

‘कपड़े फाड़े, गाड़ियां तोड़ीं… BJP को शिक्षा से क्या परहेज?’ — केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने X पर पोस्ट करते हुए घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि देश में लोकतंत्र और शिक्षा व्यवस्था के साथ क्या हो रहा है। “बीजेपी के लोगों ने CJP के वॉलंटियर्स पर बुरी तरह हमला किया। कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई, उनके कपड़े फाड़े गए और गाड़ियों के शीशे तक तोड़ दिए गए। अगर देश के बच्चे पढ़-लिख जाएंगे तो इससे बीजेपी को क्या परेशानी है? आखिर बीजेपी बच्चों को अनपढ़ क्यों रखना चाहती है?”अरविंद केजरीवाल

क्या था पूरा मामला?

घटना सांगानेर के रामपुरा-कंवरपुरा स्थित एक सरकारी स्कूल की है। CJP की टीम का कहना है कि वे स्कूल में बच्चों को मिल रही सुविधाओं, शिक्षकों की उपस्थिति और बुनियादी ढांचे का जायजा लेने गए थे। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में मौजूद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने राजनीतिक कार्यकर्ताओं के प्रवेश का विरोध किया। देखते ही देखते बहस धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। सीजेपी का आरोप है कि बीजेपी से जुड़े लोगों ने उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया, जबकि ग्रामीणों का दावा है कि वे स्कूल के माहौल का राजनीतिकरण रोकने की कोशिश कर रहे थे।

आशुतोष रांका ने दी 48 घंटे की चेतावनी

CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सह-संयोजक आशुतोष रांका ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पुलिस के सामने कार्यकर्ताओं को पीटा गया जो कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।

रांका ने राज्य सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि:

  1. हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

  2. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर अपने पद से इस्तीफा दें।

  3. राजनीतिक दौरों से जुड़े विवादित आदेशों पर स्पष्टीकरण दिया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो CJP पूरे राजस्थान में उग्र आंदोलन करेगी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद जयपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment