नई दिल्ली। चुनावी प्रक्रिया और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विपक्षी INDIA ब्लॉक ने एक बार फिर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। INDIA ब्लॉक के 140 से अधिक सांसद संसद भवन से भारत निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक विरोध मार्च निकाल रहे हैं। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी और उनके इस्तीफे की मांग की जा रही है। विरोध मार्च को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक के कई घटक दलों के नेता और सांसद शामिल हैं। हालांकि, आम आदमी पार्टी (AAP) और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने इस मार्च से दूरी बनाए रखी है। AAP की ओर से कहा गया है कि वह SIR और चुनाव से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी लड़ाई अलग से लड़ रही है।
BJD ने बढ़ाया INDIA ब्लॉक का समर्थन
विपक्षी दलों के इस प्रदर्शन को ओडिशा की प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (BJD) का भी समर्थन मिला है। ओडिशा के नेता प्रतिपक्ष और BJD प्रमुख नवीन पटनायक ने INDIA ब्लॉक के मार्च का समर्थन किया है। ऐसे में AAP और DMK की गैरमौजूदगी के बीच BJD का समर्थन विपक्षी एकजुटता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खरगे बोले- अन्याय के खिलाफ लड़ते रहेंगे
विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आजादी के बाद देश में मिले वयस्क मताधिकार के अधिकार को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि वे सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। खरगे ने कहा कि विपक्ष अन्याय के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पीछे नहीं हटेगा।
संदीप दीक्षित ने लगाए सरकार पर गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इसे ‘चोरी की सरकार’ करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार के पास नैतिक अधिकार नहीं है। दीक्षित ने यहां तक कहा कि सरकार को बर्खास्त कर दोबारा लोकसभा चुनाव कराया जाना चाहिए।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग पर पहले भी कई चुनावों को लेकर आरोप लगते रहे हैं। अखिलेश ने 2017, 2019, 2022 और 2024 के चुनावों का जिक्र करते हुए चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए। उन्होंने चंडीगढ़ मेयर चुनाव का भी जिक्र करते हुए कहा कि उस मामले को कोई भूल नहीं सकता। वहीं, सपा सांसद इकरा हसन ने भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विपक्ष की चिंताओं को सामने रखा।
राहुल गांधी की अगुवाई में प्रदर्शन
कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में INDIA ब्लॉक चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने जिस तरह से मताधिकार को प्रभावित किया है, उसके खिलाफ विपक्ष एकजुट होकर आवाज उठा रहा है। प्रतापगढ़ी ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक विपक्ष अपना आंदोलन जारी रखेगा।
SIR बना विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच बड़ा मुद्दा
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR को लेकर पिछले कुछ समय से विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच लगातार टकराव देखने को मिल रहा है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया के जरिए मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। वहीं, चुनाव आयोग का कहना है कि मतदाता सूची को अपडेट और शुद्ध करने के लिए पुनरीक्षण जरूरी प्रक्रिया है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








