उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिला परिषद चुनाव में 24 सीटें जीतकर बहुमत हासिल करने वाली भाजपा के सामने अब जिला प्रमुख बनाने की चुनौती खड़ी हो गई है। चुनाव में जीत के बाद पार्टी को उम्मीद थी कि जिला प्रमुख की कुर्सी आसानी से मिल जाएगी, लेकिन अब अंदरूनी गुटबाजी और दावेदारों के बीच खींचतान ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि भाजपा को अपने ही निर्वाचित सदस्यों को एकजुट रखने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।
जिला प्रमुख पद के लिए कई नेताओं के नाम सामने आने से पार्टी में सहमति नहीं बन पा रही है। सामाजिक समीकरणों और प्रधान-उपप्रधान पदों को लेकर चल रही राजनीतिक जोड़-तोड़ के बीच निर्वाचित सदस्य एक-दूसरे पर भरोसा करने को तैयार नहीं हैं। मामला इतना बढ़ गया है कि जिला स्तर के पदाधिकारियों की बात भी सदस्य सुनने को तैयार नहीं हैं।
रणकपुर के रिसॉर्ट में ठहराए भाजपा के सभी 24 सदस्य
पार्टी ने संभावित राजनीतिक उठापटक और क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए अपने सभी 24 निर्वाचित सदस्यों को रणकपुर क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में ठहराया है। इसके बावजूद पार्टी के भीतर चल रही खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। जिला प्रमुख पद की दौड़ में हिम्मत सिंह झाला, चन्द्रगुप्त चौहान, ललित सिंह सिसोदिया और प्रतिभा नागदा के नाम चर्चा में हैं। कई दावेदार होने और अलग-अलग सामाजिक समीकरणों के चलते किसी एक नाम पर सहमति बनाना मुश्किल हो रहा है। वहीं, कांग्रेस के लालसिंह झाला सहित अन्य नेता कोडियात स्थित एक रिसॉर्ट में रणनीति बनाने में जुटे हैं।
मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष तक पहुंचा विवाद
भाजपा के जिला स्तर के पदाधिकारी भी निर्वाचित सदस्यों के बीच तालमेल बनाने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। दावेदारों के बीच बढ़ते अविश्वास और पदाधिकारियों की बात नहीं माने जाने के बाद मामला मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष तक पहुंच गया है। पार्टी के भीतर से मांग उठी है कि प्रदेश नेतृत्व उदयपुर में निष्पक्ष पर्यवेक्षक भेजे। पर्यवेक्षक सभी निर्वाचित सदस्यों से अलग-अलग बातचीत कर उनकी राय जानें और जिला प्रमुख पद के लिए सहमति बनाने का प्रयास करें, ताकि चुनाव से पहले पार्टी में किसी तरह की टूट की स्थिति पैदा न हो।
जिला प्रमुख का चुनाव बिगाड़ सकता है एक वोट
भाजपा के लिए सबसे बड़ी चिंता क्रॉस वोटिंग की आशंका है। पार्टी के पास 24 सदस्यों के साथ बहुमत का आंकड़ा जरूर है, लेकिन एक वोट भी इधर-उधर होने पर पूरा चुनावी समीकरण बदल सकता है। ऐसे में कांग्रेस भाजपा की अंदरूनी नाराजगी का फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस नेता भाजपा के असंतुष्ट सदस्यों और उनके संपर्क सूत्रों तक पहुंच बनाने में जुटे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि भाजपा के भीतर चल रही खींचतान का फायदा उठाकर जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने का मौका मिल सकता है।
डांगी समाज की नाराजगी ने बढ़ाई भाजपा की चिंता
जिला प्रमुख और उपप्रमुख पदों के चुनाव में सामाजिक समीकरण भी भाजपा के लिए बड़ी चुनौती बन गए हैं। प्रतिनिधित्व नहीं मिलने से डांगी समाज में नाराजगी की चर्चा है। समाज की ओर से दलीचंद डांगी या कंचन डांगी को जिला परिषद उपप्रमुख बनाने की मांग उठाई जा रही है। इस नाराजगी को समय रहते दूर नहीं किया गया तो पार्टी को क्रॉस वोटिंग का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा पंचायत समितियों में प्रधान और उपप्रधान के पदों को लेकर भी अंदरखाने राजनीतिक समीकरण बनाए जा रहे हैं। फिलहाल भाजपा के सभी 24 सदस्य रणकपुर के रिसॉर्ट में हैं, लेकिन पार्टी के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि बहुमत होने के बावजूद क्या वह अपने सदस्यों को एकजुट रख पाएगी? अब सबकी नजर प्रदेश नेतृत्व के फैसले और जिला प्रमुख चुनाव के नतीजे पर टिकी है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








