पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, LIC बीमा कराने के बाद हथौड़े से मार डाला; सड़क किनारे फेंका शव

 बहरोड़: राजस्थान के बहरोड़ जिले के बर्डोद में सड़क किनारे मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या की साजिश में उसकी पत्नी ही शामिल थी। आरोप है कि पत्नी ने पहले पति का LIC बीमा कराया और फिर अपने प्रेमी तथा उसके दोस्त के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। वारदात को सड़क हादसा दिखाने के लिए आरोपियों ने युवक के शव को बाइक पर रखकर बर्डोद टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने मामले में पत्नी, उसके प्रेमी और प्रेमी के दोस्त को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान बर्डोद के लाडखानी मोहल्ला निवासी सतीश सैनी उर्फ लीलाराम के रूप में हुई थी। उसका शव 11 नवंबर को अलवर-बहरोड़ राजमार्ग पर वीरमती होटल के पास मिला था। सतीश मजदूरी और सेंट्रिंग का काम करता था। जांच में पुलिस को पता चला कि उसकी पत्नी रेखा सैनी के बहरोड़ में हाईवे स्थित एक निजी वाहन गैराज संचालक राजेश उर्फ राजू मिस्त्री से कथित प्रेम संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, सतीश दोनों के संबंधों में बाधा बन रहा था, जिसके चलते उसकी हत्या की साजिश रची गई।

हरियाणा के फार्म हाउस पर हथौड़े से किए कई वार

पुलिस जांच के अनुसार, सतीश को हरियाणा के महेंद्रगढ़ स्थित खानपुरा कृषि फार्म पर बुलाया गया था। यहां पहले से राजेश उर्फ राजू मिस्त्री और उसका साथी समशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम मौजूद थे। समशेर इसी फार्म पर काम करता था। आरोप है कि फार्म पर दोनों ने सतीश के सिर पर हथौड़े से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को बाइक पर बीच में बैठाया और बर्डोद लेकर पहुंचे। यहां वीरमती होटल के पास अलवर-बहरोड़ राजमार्ग पर सड़क किनारे शव फेंककर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने और बीमा क्लेम हासिल करने की योजना बनाई थी।

60 CCTV कैमरों की फुटेज से मिला अहम सुराग

सतीश का शव मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने उसके भाई मुकेश सैनी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल पर शव के सिर पर चोट के निशान और शरीर पर कड़बी के पत्ते मिलने से पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 60 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान फुटेज में बाइक पर शव ले जाते दो संदिग्ध दिखाई दिए। इसी अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने राजेश उर्फ राजू मिस्त्री और समशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बानसूर में मकान बनाकर रहती थी पत्नी

पुलिस के मुताबिक, मृतक सतीश बर्डोद में रहता था, जबकि उसकी पत्नी रेखा सैनी बानसूर में मकान बनाकर रह रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि रेखा और राजेश के बीच कथित संबंध थे और इसी वजह से सतीश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मृतक की पत्नी रेखा सैनी, उसका कथित प्रेमी राजेश उर्फ राजू मिस्त्री (34), निवासी पदमाड़ा खुर्द, थाना मुंडावर और समशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम (27), निवासी फतेहगंज पूर्वी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

 

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment