Rajasthan Train News: पैसेंजर से एक्सप्रेस बनीं ट्रेनें, किराया 3 गुना बढ़ा लेकिन रफ्तार और सुविधाएं जस की तस!

 Jaipur Railway News: राजस्थान में रेलवे की ओर से पैसेंजर ट्रेनों को एक्सप्रेस में बदलने की कवायद यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। ट्रेन की श्रेणी और नंबर बदलने के साथ ही किराए में बढ़ोतरी हो गई है, लेकिन यात्रियों को सफर में रफ्तार और सुविधाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। कई ट्रेनें आज भी पुराने पैसेंजर ट्रेनों के ढर्रे पर ही संचालित हो रही हैं। ऐसे में यात्रियों को एक्सप्रेस का किराया चुकाने के बावजूद पहले जैसी यात्रा करनी पड़ रही है।

50 से ज्यादा पैसेंजर ट्रेनें बनीं एक्सप्रेस, सुविधाओं में बदलाव नहीं

रेलवे लंबी दूरी की पैसेंजर ट्रेनों की औसत रफ्तार बढ़ाने और परिचालन को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से उन्हें एक्सप्रेस श्रेणी में तब्दील कर रहा है। रेलवे से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पिछले छह वर्षों में उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में 50 से अधिक पैसेंजर ट्रेन सेवाओं को एक्सप्रेस श्रेणी में बदला गया है। हालांकि, जयपुर मंडल और आसपास के रेलमार्गों की स्थिति देखने पर सामने आता है कि कई ट्रेनों के ठहराव में कोई बड़ी कमी नहीं हुई है। उनकी औसत रफ्तार में भी खास सुधार देखने को नहीं मिला। इसके बावजूद यात्रियों को पहले की तुलना में ज्यादा किराया देना पड़ रहा है। कई ट्रेनों में पेंट्रीकार जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। कोचों की स्थिति, सीटों की व्यवस्था और साफ-सफाई में भी कोई बड़ा बदलाव नजर नहीं आता। ऐसे में यात्रियों का सवाल है कि जब सुविधाएं और यात्रा का समय लगभग पहले जैसा ही है तो एक्सप्रेस का किराया क्यों वसूला जा रहा है?

10 रुपये की जगह अब देने पड़ रहे 30 रुपये

पैसेंजर ट्रेनों को एक्सप्रेस में बदलने का सबसे ज्यादा असर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है। दैनिक यात्रियों के मुताबिक, पहले जिन ट्रेनों में न्यूनतम 10 रुपये किराया देकर यात्रा की जा सकती थी, अब उन्हीं ट्रेनों में न्यूनतम किराया बढ़कर 30 रुपये तक पहुंच गया है। इसके बावजूद यात्रा के समय में कोई खास कमी नहीं आई है। कई रूटों पर ट्रेनें आज भी छोटे स्टेशनों और हॉल्ट पर रुकती हैं। इसका सीधा असर नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों की जेब पर पड़ रहा है।

जयपुर और आसपास के रूटों की इन ट्रेनों में बदलाव

जयपुर और आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी कई ट्रेनें पैसेंजर से एक्सप्रेस श्रेणी में बदली गई हैं। इनमें प्रमुख रूप से ये ट्रेनें शामिल हैं:

  1. जयपुर-हिसार
  2. जयपुर-सूरतगढ़
  3. जयपुर-मारवाड़
  4. जोधपुर-भोपाल
  5. जयपुर-बयाना
  6. रेवाड़ी-सीकर
  7. फुलेरा-रेवाड़ी

इन ट्रेनों से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। ऐसे में किराए में बढ़ोतरी और सुविधाओं में अपेक्षित सुधार नहीं होने से यात्रियों में नाराजगी है।

पूर्व रेल अधिकारी बोले- केवल नाम और नंबर बदलने से फायदा नहीं

पूर्व रेल अधिकारी यशवंत कुमार शर्मा का कहना है कि पैसेंजर से एक्सप्रेस में बदली गई ट्रेनों की नियमित मॉनिटरिंग होनी चाहिए। यदि ट्रेनें अभी भी पुराने ढर्रे पर सामान्य तरीके से संचालित हो रही हैं तो उन्हें दोबारा पैसेंजर का दर्जा दे देना चाहिए। केवल नाम और नंबर बदलकर यात्रियों पर किराए का अतिरिक्त बोझ डालने का कोई औचित्य नहीं है। वहीं, उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ अमित सुदर्शन के अनुसार, रेलवे की ओर से समय-समय पर ट्रेनों की समय-सारणी निर्धारित की जाती है। रेल नेटवर्क पर दोहरीकरण और मौजूदा रेलमार्गों की गति बढ़ाने जैसे बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य भी चल रहे हैं। इनके पूरा होने से रेल परिचालन क्षमता बढ़ेगी और समय-सारणी में बदलाव के अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में कुल 444 ट्रेनें संचालित हो रही हैं। इनमें 260 मेल-एक्सप्रेस और 184 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। पिछले छह वर्षों में 50 से अधिक पैसेंजर ट्रेन सेवाओं को एक्सप्रेस श्रेणी में बदला गया है। फिलहाल यात्रियों की मांग है कि रेलवे केवल ट्रेनों की श्रेणी बदलने के बजाय उनकी गति, समय और सुविधाओं में भी सुधार करे, ताकि बढ़े हुए किराए के बदले उन्हें बेहतर रेल यात्रा का लाभ मिल सके।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment