नशा मुक्त भारत अभियान के सातवें दिन भीम-देवगढ़ क्षेत्र में 4,042 लोगों को किया जागरूक

23 शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर एलईडी वैन व योग–ध्यान के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश; जनवरी में चलेगा द्वितीय चरण

 राजसमंद। भीम/देवगढ़

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय माउंट आबू और देवगढ़ प्रभुदर्शन केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी पुष्पा दीदी के सानिध्य में चल रहे ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के सातवें दिन बुधवार को भीम और देवगढ़ क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत क्षेत्र के कुल 23 सरकारी व गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर 4,042 विद्यार्थियों, शिक्षकों, लोकसेवकों और आमजन को नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प दिलाया गया।

संवेदनशील क्षेत्रों व शिक्षण संस्थानों पर विशेष फोकस

ब्रह्माकुमारी संस्थान से जुड़े आध्यात्मिक शिक्षक बीके राजू भाई एवं प्रकृति प्रेमी शिक्षक व अभियान संयोजक बीके कैलाश सामोता (रानीपुरा) के मार्गदर्शन में क्षेत्र में सूखे और गीले नशे की गिरफ्त में आ रहे संवेदनशील हॉटस्पॉट इलाकों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इसके तहत कामलीघाट, डूंगावास, खीमाखेड़ा, भेरागुड़ा, बरजाल, चेता, विजयपुरा, बग्गड़, स्वादड़ी और जोजावर के विद्यालयों सहित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, देवगढ़ नगरपालिका, पुलिस थाना देवगढ़, सब्जी मंडी, बस स्टैंड, मंदिर व मस्जिद प्रांगण और प्रमुख चौराहों पर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति प्रबोधित किया गया।

एलईडी वैन और म्यूजिकल एक्सरसाइज से दिया जा रहा संदेश

हेल्थकेयर एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन (माउंट आबू) की मेडिकल विंग की विशेष मोबाइल वैन पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियों द्वारा नशे से दूर रहने के तरीके सुझाए जा रहे हैं। साथ ही योग, ध्यान, प्राणायाम, म्यूजिकल एक्सरसाइज और बौद्धिक ज्ञान के जरिए युवाओं व आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा

अभियान संयोजक कैलाश सामोता ने बताया कि 19 नवंबर 2026 को खीमाखेड़ा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डूंगावास से शुरू हुआ यह अभियान 27 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसके पश्चात केंद्र व राज्य सरकार तथा राजसमंद जिला प्रशासन की स्वीकृति से जनवरी 2027 में संपूर्ण जिले में अभियान का द्वितीय चरण शुरू किया जाएगा, जिसमें जन-जागृति रैलियों के माध्यम से गांव-गांव तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा। देवगढ़ केंद्र संचालिका बीके पुष्पा दीदी के नेतृत्व में जारी इस मुहिम की क्षेत्र में सर्वत्र सराहना हो रही है। आयोजन में बीके जानू भाई, राजू भाई, कैलाश सामोता और सीता योगी सहित केंद्र के अन्य सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा।

PRADEEP SOLANKI
Author: PRADEEP SOLANKI

Leave a Comment