उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्माने लगा है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी बीच लखनऊ में आयोजित एबीपी न्यूज के शिखर सम्मेलन में लाइव टीवी डिबेट के दौरान भाजपा और समाजवादी पार्टी के नेताओं के बीच जमकर बहस देखने को मिली। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी और सपा नेता पवन पांडेय के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे को धमकी देने लगे। हालात बिगड़ते देख कार्यक्रम के एंकर को बीच में हस्तक्षेप करना पड़ा। डिबेट के दौरान दोनों नेता अपनी-अपनी पार्टी का पक्ष रखते हुए उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर आमने-सामने आ गए। पवन पांडेय ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कानून व्यवस्था और राम मंदिर में दान की कथित चोरी का मुद्दा उठाया। वहीं प्रदीप भंडारी ने सपा सरकार के पुराने कार्यकाल का जिक्र करते हुए विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया।
‘झूठ मत बोलना, नहीं तो यहीं पटक कर मारूंगा’
टीवी डिबेट में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब पवन पांडेय ने प्रदीप भंडारी को सीधे चेतावनी दे दी। उन्होंने कहा, ‘झूठ मत बोलना, नहीं तो यहीं पटक कर मारूंगा।’ इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ ‘दो कौड़ी का आदमी’ जैसी आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। पवन पांडेय के इस बयान के बाद बहस ने तीखा रूप ले लिया। दोनों नेताओं के बीच लगातार तीखी नोकझोंक होती रही। एक-दूसरे की बात काटने और आरोप लगाने के बीच कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान भी इस विवाद पर केंद्रित हो गया।
प्रदीप भंडारी का पलटवार, बोले- पुलिस बुलाकर जेल भिजवा दूंगा
पवन पांडेय की धमकी पर प्रदीप भंडारी ने भी कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी हरकत करने की कोशिश भी मत करना, क्योंकि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार है। उन्होंने माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि उल्टा लटका देंगे, जैसे माफियाओं को लटकाया है। भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि धमकी देने की कोशिश न करें, वह इसी समय पुलिस बुलाकर उन्हें जेल भिजवा देंगे। उन्होंने इस तरह की गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं करने की बात कही। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद समर्थकों की ओर से नारेबाजी भी होने लगी, जिससे कुछ समय के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
अखिलेश यादव पर टिप्पणी के बाद और बढ़ा विवाद
डिबेट में विवाद की एक बड़ी वजह सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर की गई टिप्पणी भी रही। प्रदीप भंडारी ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए और मौजूदा भाजपा सरकार में हालात बेहतर होने का दावा किया। उन्होंने सपा पर गलत जानकारी देने का आरोप लगाया। इसी दौरान अखिलेश यादव को लेकर की गई टिप्पणी पर पवन पांडेय ने कड़ी आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बहस और तेज हो गई। प्रदीप भंडारी ने माफी मांगने की बात भी कही, लेकिन पवन पांडेय का गुस्सा कम नहीं हुआ।
एंकर को करना पड़ा हस्तक्षेप
लाइव कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं के बीच बढ़ती तल्खी को देखते हुए एंकर ने कई बार हस्तक्षेप किया और उन्हें शांत रहने की अपील की। काफी देर तक चली तीखी बहस के बाद स्थिति को संभालने की कोशिश की गई। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हुई इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा बढ़ा दी है। चुनाव से पहले भाजपा और सपा के बीच जुबानी जंग किस स्तर तक पहुंच सकती है, इसकी झलक इस टीवी डिबेट में देखने को मिली।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








