राजस्थान में पंचायत समिति के प्रधान पद के चुनाव के दौरान एक ऐसा सियासी घटनाक्रम सामने आया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक ही महिला प्रत्याशी ने भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में तीन अलग-अलग नामांकन दाखिल कर दिए। नामांकन के दौरान उनके पहनावे ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। वह पहली बार साड़ी पहनकर पर्चा भरने पहुंचीं, जबकि दूसरी बार सलवार-सूट में नजर आईं। चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आखिरकार वती कुमारी भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं।
एक ही प्रत्याशी के तीन नामांकन से मची हलचल
बृजनगर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान वती कुमारी पत्नी रिंकू राना ने तीन अलग-अलग नामांकन दाखिल किए। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा। इसके साथ ही निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी नामांकन दाखिल कर दिया। एक ही महिला के तीन अलग-अलग नामांकन सामने आने के बाद चुनावी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं। वती कुमारी वार्ड संख्या 14 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतकर पंचायत समिति सदस्य बनी थीं। उनके ससुर अर्जुन प्रधान भी पहले बृजनगर पंचायत समिति के प्रधान रह चुके हैं। ऐसे में प्रधान पद के चुनाव में उनकी उम्मीदवारी को लेकर पहले से ही चर्चा थी।
साड़ी और सलवार-सूट में पहुंचने पर भी रही चर्चा
नामांकन के दौरान वती कुमारी का पहनावा भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। वह पहली बार साड़ी पहनकर नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। इसके बाद दूसरी बार सलवार-सूट में नजर आईं। एक ही प्रत्याशी के तीन अलग-अलग नामांकन और अलग-अलग पहनावे ने इस चुनावी घटनाक्रम को और दिलचस्प बना दिया। तीन नामांकन दाखिल होने के बाद सभी की नजरें नामांकन पत्रों की जांच और आगे की चुनावी प्रक्रिया पर टिकी थीं। आखिरकार चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वती कुमारी को भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान निर्वाचित घोषित कर दिया गया। उनके निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही बृजनगर पंचायत समिति में प्रधान पद का चुनाव संपन्न हो गया।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








