विधायक अशोक चांदना और CI के बीच तीखी बहस, बैरिकेड्स हटाकर पंचायत समिति पहुंचे; राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज

बूंदी जिले की नैनवां पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया, जब कांग्रेस प्रत्याशी राजाराम मीणा का नामांकन दाखिल कराने जा रहे विधायक अशोक चांदना की गाड़ी को पुलिस ने बैरिकेड्स पर रोक दिया। इस बात को लेकर विधायक और ड्यूटी पर तैनात करवर सीआई सहदेव सिंह मीणा के बीच तीखी बहस हो गई। मौके पर कुछ देर तक गहमागहमी बनी रही। बाद में विधायक और उनके साथ आए समर्थकों ने बैरिकेड्स हटाए और गाड़ी पंचायत समिति कार्यालय की ओर ले गए।

घटना के बाद मामला पुलिस थाने पहुंच गया। करवर सीआई सहदेव सिंह मीणा ने विधायक अशोक चांदना और उनके साथ आए लोगों पर अभद्रता करने तथा राजकार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए नैनवां थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैरिकेड्स पर गाड़ी रोकने से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे विधायक अशोक चांदना अपनी गाड़ी से कांग्रेस के प्रधान प्रत्याशी राजाराम मीणा को नामांकन दाखिल कराने पंचायत समिति कार्यालय ले जा रहे थे। कार्यालय के बाहर बूंदी रोड पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगा रखे थे और वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया हुआ था। विधायक की गाड़ी बैरिकेड्स के पास पहुंची तो ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोक दिया। इसी बात को लेकर विधायक अशोक चांदना और करवर थानाधिकारी सहदेव सिंह मीणा के बीच बहस शुरू हो गई। दोनों के बीच हुई तीखी बातचीत के दौरान विधायक ने गाड़ी रोकने का आदेश दिखाने की बात कही। वहीं, सीआई ने भी जवाब देते हुए कहा कि वह अपनी ड्यूटी कर रहे हैं और किसी से डरने वाले नहीं हैं।

एएसपी ने किया बीच-बचाव, हटाए गए बैरिकेड्स

मौके पर मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह ने हस्तक्षेप कर विधायक को शांत कराया। इसके बाद विधायक और उनके साथ आए कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स हटाए और गाड़ी को पंचायत समिति कार्यालय की ओर ले गए। इस घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ के बीच कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

सीआई की रिपोर्ट पर विधायक समेत कई लोगों के खिलाफ केस

करवर थानाधिकारी सहदेव सिंह मीणा ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि प्रधान चुनाव के दौरान उनकी ड्यूटी बूंदी रोड पर बैरिकेड्स के पास लगी हुई थी। पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर रखा था। इसी दौरान विधायक अशोक चांदना गाड़ी लेकर पहुंचे। गाड़ी रोकने पर उनके साथ अभद्रता की गई और विधायक तथा उनके समर्थक बैरिकेड्स हटाकर जबरन गाड़ी निकाल ले गए। सीआई ने इसे राजकार्य में बाधा बताया है। नैनवां थानाधिकारी हेमराज मीणा के अनुसार, करवर सीआई की रिपोर्ट पर विधायक अशोक चांदना, हंसराज गुर्जर, सद्दाम हुसैन, तुलसीराम, आशुतोष नागर, शाहिद खान, बलराम उर्फ बाबा सहित अन्य लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment