बीकानेर में वायरल पोस्ट से मची हलचल, गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से धमकी का दावा

बीकानेर। खेजड़ी संरक्षण को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच सोशल मीडिया पर गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से वायरल एक पोस्ट ने जिले में सनसनी फैला दी है। पोस्ट में सरकार को आंदोलनकारियों की मांगें मानने की चेतावनी देते हुए अन्यथा प्रदेश में कर्फ्यू जैसी स्थिति पैदा करने की धमकी दी गई है। हालांकि इस पोस्ट की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

समिति ने किया किनारा
खेजड़ी संघर्ष समिति से जुड़े संतों और पदाधिकारियों ने इस वायरल पोस्ट से खुद को पूरी तरह अलग बताया है। उनका कहना है कि उनका इस तरह की किसी धमकी या संदेश से कोई लेना-देना नहीं है। समिति के अनुसार आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है और आगे भी शांति बनाए रखी जाएगी।

प्रशासनिक प्रतिक्रिया का इंतजार
वायरल पोस्ट को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने का इंतजार किया जा रहा है।

आमजन से अपील
समिति ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भड़काऊ या अपुष्ट संदेश पर भरोसा न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

क्या लिखा बताया जा रहा है पोस्ट में
वायरल संदेश में कथित तौर पर लिखा गया है कि यदि सरकार आंदोलनकारियों की मांगें मान लेती है तो ठीक है, अन्यथा प्रदेश में कर्फ्यू जैसी स्थिति पैदा कर दी जाएगी। साथ ही पर्यावरण और “देश की मिट्टी की लाज” बचाने के नाम पर किसी भी हद तक जाने की बात भी कही गई है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment