सीकर: कनपटी पर पिस्टल तानकर युवक को हनीट्रैप में फंसाने वाली महिला गिरफ्तार

Sikar News: सीकर जिले में हनीट्रैप का शिकार बने एक युवक को कनपटी पर पिस्टल तानकर धमकाने वाली महिला आरोपी को उद्योग नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रही महिला मुस्कान को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पकड़ा।

कनपटी पर पिस्टल तानकर धमकाया

उद्योग नगर थानाधिकारी मनोज कुमार भाटीवाड़ ने बताया कि मामला बेहद गंभीर था, क्योंकि इसमें पीड़ित युवक को न सिर्फ झांसे में लिया गया बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोपी नेपाल गुर्जर उर्फ प्रमोद ने पीड़ित को प्लॉट के बकाया पैसों के बहाने बुलाया। इसके बाद गैंग के सदस्यों ने उसे गाड़ी में बैठाकर ले गए और उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी।

धमकी के बाद मारपीट और अश्लील वीडियो

पिस्टल की नोक पर धमकाने के बाद आरोपियों ने पीड़ित युवक के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद उसे हनीट्रैप में फंसाकर एक महिला के साथ अश्लील वीडियो बना लिया गया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपए छीन लिए गए।

पहले ही जेल भेजे गए दो आरोपी

इस गैंग के दो सदस्य नेपाल उर्फ प्रमोद गुर्जर और विकास गुर्जर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। लेकिन मुख्य महिला आरोपी मुस्कान लगातार फरार चल रही थी। अब उद्योग नगर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस हनीट्रैप गैंग में और कौन-कौन शामिल हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment