राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025 को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। 13 और 14 सितंबर को होने वाली इस परीक्षा में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।
ADG SOG/ATS वी.के. सिंह ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में स्पष्ट कहा कि परीक्षा में धांधली या चालाकी करने वालों पर कड़ी नज़र रखी जाएगी और कोई भी पुलिस की पकड़ से बच नहीं पाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत SOG हेल्पलाइन पर सूचना दें। साथ ही चेतावनी दी कि ठगों के झांसे में न आएं, क्योंकि SOG ने डिकॉय ऑपरेशन चलाकर कई ठगों को पकड़ा है।
सुरक्षा व्यवस्था का खाका
ADG बिपिन पांडे ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का ब्योरा देते हुए कहा:
-
परीक्षा केंद्र में स्मार्टफोन और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
-
सुपरीटेंडेंट को केवल की-पैड मोबाइल रखने की अनुमति होगी।
-
परीक्षा केंद्र के अंदर केवल दो पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे, बाकी बाहर तैनात होंगे।
-
सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी।
-
पुलिस मुख्यालय स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
-
अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
-
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को निष्क्रिय करने के लिए जैमर लगाए गए हैं।
पहली बार AI टूल का इस्तेमाल
इस बार सबसे अहम कदम परीक्षा निगरानी में AI टूल का उपयोग है। केंद्रों पर सुपरीटेंडेंट रूम में केवल 5 लोगों को ही आने-जाने की अनुमति होगी। यदि इससे अधिक लोग प्रवेश करेंगे, तो AI टूल तुरंत अलर्ट जारी करेगा। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर भी अभूतपूर्व सख़्ती बरती गई है। इन्हें 9 स्तर की पैकिंग में रखा गया है। ट्रेज़री रूम को सीसीटीवी से कवर किया गया है और वहां हथियारबंद गार्ड तैनात हैं। परीक्षा सामग्री की लोडिंग और अनलोडिंग की पूरी वीडियोग्राफी की जाएगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








