करुण नायर नहीं चुने गए टीम इंडिया में, अजित अगरकर ने बताया वजह

भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। चयन समिति के प्रमुख अजित अगरकर ने टीम में किए गए बदलावों और रणनीति पर जानकारी दी। ऋषभ पंत की अनुपस्थिति में रविंद्र जडेजा को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं, भविष्य की उम्मीद के तौर पर 25 वर्षीय देवदत्त पडिक्कल और 23 वर्षीय साई सुदर्शन को टीम में शामिल किया गया है।

अगरकर ने बताया कि करूण नायर और बंगाल के सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन अब टीम रणनीति का हिस्सा नहीं हैं। नायर को इंग्लैंड दौरे में 8 पारियों में केवल एक अर्धशतक बनाने के कारण मौका नहीं मिला, जबकि ईश्वरन का टेस्ट पदार्पण फिलहाल मुश्किल दिखाई दे रहा है।

जसप्रीत बुमराह का फॉर्म और वापसी

अजित अगरकर ने कहा कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अच्छा आराम मिल चुका है और वह दोनों टेस्ट मैचों में खेलने के लिए तैयार हैं। बुमराह इंग्लैंड दौरे के बाद आराम कर चुके हैं और अहमदाबाद में शुरू हो रही सीरीज से टीम का हिस्सा होंगे। अगरकर ने कहा, “इस समय पडिक्कल बेहतर विकल्प हैं। इंग्लैंड दौरे में नायर से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं मिला। पडिक्कल ने पहले भी धर्मशाला में अर्धशतक बनाया है और टीम में बने रहने का अनुभव रखते हैं।”

ऋषभ पंत की वापसी

नियमित उपकप्तान ऋषभ पंत इंग्लैंड सीरीज में पैर में फ्रैक्चर के कारण पूरी तरह फिट नहीं हैं। अगरकर ने बताया कि उम्मीद है पंत नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज तक उपलब्ध हो जाएंगे। उनकी जगह विकेटकीपर ध्रुव जुरेल और एन जगदीशन टीम में शामिल हैं।भारत का दक्षिण अफ्रीका दौरा 14 नवंबर से शुरू होगा, जिसमें दो टेस्ट (कोलकाता और गुवाहाटी), तीन वनडे और पांच टी20 मैच होंगे। दौरा 19 दिसंबर के आखिरी टी20 मैच के साथ समाप्त होगा।

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम स्क्वॉड

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा (उपकप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, एन जगदीशन, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment