एशिया कप 2025: भारत ने ओमान को 21 रन से हराया, सूर्यकुमार यादव ने रचा नया इतिहास

अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए एशिया कप 2025 (India vs Oman, 12th Match) के ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत ने ओमान को 21 रन से हराकर जीत दर्ज की। इस मुकाबले में भले ही भारत विजयी रहा, लेकिन ओमान के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को कड़ी चुनौती दी।

ओमान की दमदार बल्लेबाजी

189 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ओमान ने शानदार शुरुआत की। कप्तान जतिंदर सिंह और आमिर कलीम ने पहले विकेट के लिए 8.3 ओवर में 56 रन जोड़े। जतिंदर 33 गेंद पर 32 रन बनाकर कुलदीप यादव का शिकार बने। इसके बाद कलीम और हम्माद मिर्जा ने दूसरे विकेट के लिए 93 रन की धमाकेदार साझेदारी की।

आमिर कलीम ने 46 गेंदों पर 64 रन बनाए, जबकि हम्माद मिर्जा ने 33 गेंदों पर 51 रन जड़े। हालांकि, हर्षित राणा और हार्दिक पंड्या ने अहम मौके पर इन दोनों को आउट कर भारत को वापसी कराई। अर्शदीप सिंह ने विनायक शुक्ला को आउट कर अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का 100वां विकेट झटका। अंततः ओमान 4 विकेट पर 167 रन ही बना सका और 21 रन से हार गया।

सूर्यकुमार यादव का कप्तानी रिकॉर्ड

इस जीत के साथ ही भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इतिहास रच दिया। सूर्या अब 25 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी करने के बाद सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाले कप्तान बन गए हैं। उन्होंने 25 मैचों में 21 जीत हासिल कर रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। विराट कोहली ने बतौर कप्तान पहले 25 टी20I में 15 जीत दर्ज की थी, जबकि एमएस धोनी ने 13 मुकाबलों में जीत हासिल की थी।

भारतीय कप्तानों के तौर पर 25 T20I बाद सबसे ज्यादा जीत

  • 21 जीत: सूर्यकुमार यादव

  • 21 जीत: रोहित शर्मा

  • 15 जीत: विराट कोहली

  • 13 जीत: एमएस धोनी

 इस जीत के बाद टीम इंडिया आत्मविश्वास से भरी हुई है और अब उसका अगला मुकाबला एशिया कप के सुपर-4 चरण में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला है, जिस पर दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें टिकी हुई हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment