भारत ने एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर उसकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। हार के बाद पाकिस्तान के लिए फाइनल तक पहुंचना अब कठिन हो गया है, लेकिन संभावना पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। सुपर-4 चरण में पाकिस्तान को अभी दो मुकाबले खेलने हैं और दोनों जीतने होंगे तभी फाइनल की उम्मीद जिंदा रहेगी।
पाकिस्तान का क्वालीफिकेशन सीनारियो
पाकिस्तान को फाइनल में जगह बनानी है तो अपने बचे दोनों मैच जीतना जरूरी है। एक भी मैच में हार मिलने पर उसका सफर यहीं समाप्त हो जाएगा। आज (23 सितंबर) पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होना है, जो उसके लिए करो या मरो का मुकाबला साबित होगा। श्रीलंका की स्थिति भी पाकिस्तान जैसी ही है, जबकि बांग्लादेश जीत दर्ज कर फाइनल की दौड़ में जगह बनाने की कोशिश करेगा।
ऐसे तय होगा फाइनल का टिकट
सुपर-4 में हर टीम तीन-तीन मुकाबले खेलेगी। इन मैचों के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें 28 सितंबर को फाइनल खेलेंगी। फिलहाल भारत और बांग्लादेश के पास 2-2 अंक हैं। ऐसे में अगर ये दोनों टीमें अपने बचे मैचों में से एक भी जीत लेती हैं, तो फाइनल का टिकट लगभग पक्का हो जाएगा।
भारत की मजबूत स्थिति
पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय टीम का मनोबल ऊंचा है। अब उसका सामना 24 सितंबर को बांग्लादेश और 26 सितंबर को श्रीलंका से होना है। इन दोनों मुकाबलों के जरिये भारत फाइनल में जगह सुनिश्चित करने की कोशिश करेगा।
पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें
पाकिस्तान टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन शाह अफरीदी, सुफयान मोकिम
श्रीलंका टीम: चरित असलंका (कप्तान), पथुम निसंका, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, नुवानिदु फर्नांडो, कामिंडु मेंडिस, कामिल मिशारा, दासुन शनाका, जेनिथ लियानगे, चमिका करुणारत्ने, डुनिथ वेलालागे, वानिंदु हसरंगा, महीश तीक्ष्णा, दुष्मंथा चमीरा, बिनुरा फर्नांडो, नुवान तुषारा, मथीशा पथिराना
अब देखना होगा कि पाकिस्तान आज श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज कर अपनी फाइनल की उम्मीदें बरकरार रख पाता है या नहीं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







