जयपुर। राजधानी जयपुर में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देकर दहशत फैलाने की कोशिश की गई है। मंगलवार सुबह मानसरोवर स्थित स्प्रिंगफील्ड स्कूल और शिप्रापथ के पास महर्षि दयानंद स्कूल को ईमेल के जरिए धमकी भरा संदेश मिला। मेल में दावा किया गया कि स्कूल परिसर में 14 जगह आरडीएक्स लगाया गया है, जो शाम 3:30 बजे तक विस्फोट कर जाएगा।
सुबह 7:30 बजे आया धमकी भरा मेल
महर्षि दयानंद स्कूल की मेल आईडी पर सुबह 7:30 बजे धमकी वाला मेल आया। स्कूल प्रशासन ने करीब 8:00 बजे इसे देखा और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही एटीएस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे स्कूल को खाली करवा दिया गया।
बच्चों को सुरक्षित निकाला गया
धमकी की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत बच्चों को मुख्य ग्राउंड में एकत्रित किया और परिजनों को इमरजेंसी संदेश भेजकर बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने की व्यवस्था की। सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में गहन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब जयपुर में स्कूलों को निशाना बनाकर ऐसी धमकियां दी गई हैं। सोमवार को भी स्प्रिंगफील्ड स्कूल और शिवदासपुरा के एक स्कूल को इसी तरह की धमकी मिली थी। वहीं, 20 अगस्त को प्रतिष्ठित द पैलेस स्कूल को भी तीसरी बार धमकी भरा मेल आया था। हालांकि हर बार सर्च ऑपरेशन के बावजूद अब तक कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने धमकी देने वाले शख्स का पता लगाने के लिए साइबर सेल को जांच में लगाया है। सुरक्षा एजेंसियां मेल की ट्रैकिंग कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और धमकी को गंभीरता से लेते हुए सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







