पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक गंभीर सुरक्षा संकट सामने आया है, जहां गृहमंत्री के घर पर प्रदर्शनकारियों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने न केवल मंत्री के आवास पर हमला किया, बल्कि घर में आगजनी भी की। सोशल मीडिया पर इस हमले का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रदर्शनकारी खुलेआम फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
यह हिंसक प्रदर्शन चोलिस्तान नहर प्रोजेक्ट के विरोध में हुआ है, जो सिंधु नदी के पानी से चोलिस्तान रेगिस्तान की सिंचाई के लिए कई नहरों के निर्माण का काम है। स्थानीय राजनीतिक दल और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी इस योजना के खिलाफ हैं।
प्रदर्शनकारियों का गुस्सा तब फूट पड़ा जब नहर निर्माण के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों की मौत की खबर सामने आई। इसके बाद भारी संख्या में लोग उग्र होकर गृहमंत्री के घर पहुंचे और घर के बाहर जबरदस्त फायरिंग की। इसके बाद उन्होंने गृहमंत्री के आवास को आग के हवाले कर दिया।
इस हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और स्थिति को काबू में करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
चोलिस्तान नहर प्रोजेक्ट को लेकर पाकिस्तान सरकार और सिंध प्रांत की राजनीतिक पार्टियों के बीच जारी विवाद देश की राजनीतिक स्थिरता के लिए चुनौती बनता जा रहा है। इस परियोजना का मकसद चोलिस्तान क्षेत्र में कृषि विकास को बढ़ावा देना है, लेकिन सिंध प्रांत के कई नेता इसे अपने संसाधनों पर अनुचित कब्जा मान रहे हैं। स्थिति अभी तनावपूर्ण बनी हुई है और आने वाले दिनों में इस मामले में और अधिक राजनीतिक हलचल की संभावना जताई जा रही है।

Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है। मनोज का उद्देश्य है कि हर पाठक को सरल भाषा में सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें मिलें, जिससे वह अपनी राय बना सके। वे डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में लगातार नई तकनीकों और ट्रेंड्स को अपनाकर अपने लेखन को और प्रभावशाली बना रहे हैं।